विजिलेंस विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को दोपहर को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) के पिपली अनाज मंडी स्थित कार्यालय में कार्यरत एक एसडीओ को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किया एसडीओ ठेेकेदार के बिल क्लीयर करने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
मामले के अनुसार सतीश कुमार नाम के ठेकेदार ने अंबाला में एसपी विजिलेंस को शिकायत दी कि वह हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड में रोड निर्माण का कार्य करता है। रोड निर्माण पूरा होने के बाद उसने कार्यालय में बिल जमा कराए थे, लेकिन काफी समय से बिल पास नहीं हो रहे हैं। बिल पास कराने के लिए लगातार चक्कर काटने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शिकायतकर्ता ठेकेदार का कहना है कि उसके करीब 7 लाख रुपये के बिल विभाग में बकाया है। विभाग में कार्यरत एसडीओ गुलाब सिंह ने बिल पास करने की एवज में 35 हजार रुपये की डिमांड की है। विजिलेंस ने इस मामले में ठेकेदार के बयान पर मामला दर्ज किया और डीएसपी राज सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया।
एसडीओ के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर नंबर एक
आरोपी एसडीओ को गिरफ्तार करने का मामला इस वर्ष का पहला मामला है। विजिलेंस ने एसडीओ की गिरफ्तारी के साथ ही वर्ष 2016 का खाता खोल लिया है। डीएसपी राज सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र में वर्ष का पहला मामला दर्ज किया गया है।
-------
"कुरुक्षेत्र के एचएसएएमबी विभाग का एक एसडीओ ठेकेदार से बिल क्लीयर करने के नाम पर 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। डीएसपी राज सिंह की टीम ने एसडीओ को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।"
अशोक कुमार, एसपी, विजिलेंस, अंबाला।