कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कला एवं भाषा संकाय में उर्दू के सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 28 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। ये पाठ्यक्रम सायंकालीन कक्षाओं में संचालित होंगे। इससे नियमित स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थी भी इनमें प्रवेश ले सकेंगे।
उर्दू सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश के लिए दसवीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है वहीं, उर्दू डिप्लोमा कोर्स के लिए उर्दू सर्टिफिकेट या समकक्ष योग्यता निर्धारित है। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को उर्दू भाषा में दक्ष बनाना है। साथ ही शिक्षण, अनुवाद, पत्रकारिता, संपादन, मीडिया, प्रकाशन और सिविल सेवाओं में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
विश्वविद्यालय ने सर्टिफिकेट कोर्स में 20 और डिप्लोमा कोर्स में 10 सीटें तय की हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है।