संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालयों में मंगलवार से नए शिक्षा सत्र 2022-23 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। थानेसर, गांव खैरी, बाबैन, इस्माईलाबाद और पिहोवा के गांव थाना में स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालयों की कक्षा पहली, छठी व नौवीं कक्षा में दाखिला के लिए इच्छुक विद्यार्थियों को 25 अप्रैल तक आवेदन करने का मौका दिया गया है।
कुल सीट के मुकाबले आवेदन ज्यादा होने पर 26 अप्रैल को ड्रॉ निकाला जाएगा और एक मई को दाखिले दिए जाएंगे। इसके बाद सीट खाली रहने की स्थिति में दाखिले का दूसरा चरण शुरू होगा। राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय खैरी के प्राचार्य दया सिंह स्वामी ने बताया कि जो विद्यार्थी पहले से ही राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें दाखिला शुल्क नहीं देना होगा। मॉडल संस्कृति विद्यालयों में दाखिला लेने के लिए आवेदन करने को 20 दिन का समय मिलेगा।
दाखिला शेड्यूल के अनुसार कक्षा पहली के लिए एक सेक्शन में 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। कक्षा छठी के लिए एक सेक्शन में 35 सीटें और कक्षा नौंवीं व 11वीं के लिए 40-40 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन सीटों पर 1.80 लाख रुपये सालाना से कम आय वाले परिवारों के बच्चों के लिए 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। इसी प्रकार 1.80 से 2.40 लाख रुपये सालाना आय वाले परिवारों के बच्चों के लिए 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं।
पहली, छठी, नौवीं व 11वीं कक्षाओं को छोड़कर बाकी कक्षाओं में रिक्त सीटों के अनुसार दाखिले लिए जाएंगे। एससी वर्ग के बच्चों के लिए प्रत्येक सेक्शन में तीन, बीसीए के लिए दो, बीसीबी के लिए एक तथा अनाथ, दिव्यांग व एचआईवी ग्रस्त बच्चों के लिए दो सीटें आरक्षित की गई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री का कहना है कि दाखिला संबंधित मंगलवार को सभी मॉडल संस्कृति विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक बुलाई है। बैठक में दाखिला प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
ये है दाखिला शुल्क और मासिक फीस
500 रुपये दाखिला शुल्क के साथ पहली से तीसरी कक्षा तक मासिक फीस 200 रुपये, चौथी-पांचवीं के लिए 250 रुपये देनी होगी। इसी प्रकार कक्षा छठी से 12वीं में दाखिला लेने वालों को एक हजार रुपये शुल्क देना होगा। कक्षा छठी से आठवीं तक का मासिक शुल्क 300 रुपये, नौवीं व 10वीं कक्षा के लिए 400 रुपये और कक्षा 11वीं व 12वीं के लिए मासिक शुल्क 500 रुपये देना होगा।
ये दस्तावेज चाहिए
जन्म प्रमाणपत्र, माता-पिता या संरक्षक का आयु के लिए शपथपत्र।
रिहायश का प्रमाणपत्र, आधार कार्ड या परिवार पहचान पत्र।