कुरुक्षेत्र। सरकारी खरीद जल्द शुरू होने की उम्मीद के साथ ही जिले की अनाज मंडियों में वीरवार से धान की तुलाई को लेकर हलचल बढ़ने लगेगी। 1509 किस्म की धान की आवक चरम पर पहुंचने के बाद अब पीआर किस्म की धान की आवक भी बढ़ने लगी है।
मंडियों में फसल लेकर पहुंच रहे किसानों के चेहरों पर भी राहत दिखाई देने लगी है। हालांकि, धान में नमी अधिक होने के कारण किसान और श्रमिक इसे दिनभर सुखाने में जुटे हैं।
प्रशासन की ओर से सरकारी खरीद को लेकर सभी तैयारी पूरी होने का दावा किया जा रहा है। मंडियों में खरीद, उठान और फसल की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं, दूसरी ओर मिलर्स का पंजीकरण अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। किसानों ने कटाई तेज कर दी है और बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडियों का रुख कर रहे हैं।