पिहोवा। गत सप्ताह प्रवासी मजदूर की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ धोला निवासी झिंझाना जिला शामली यूपी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
थाना सदर में 17 अक्तूबर को दर्ज शिकायत में उमर हसन निवासी मंसूरा झिंझाना जिला शामली ने बताया था कि उसका 22 साल का बेटा कुरबान अपना ट्रैक्टर लेकर काम करने के लिए सोढ़ी ठेकेदार के पास बाखली पेपर मिल आया हुआ था। गांव का ही दिलशाद उर्फ धोला, साकिब व साहिल भी उसके बेटे के साथ आए थे। वह अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से गुरमीत सिंह उर्फ सोढ़ी के तैयार पराली की गांठों को ट्रैक्टर से मिल में डालते थे। दो दिन पहले 15 अक्तूबर को उसका बेटा अपने ट्रैक्टर का हिसाब-किताब करने के लिए गुरमीत सिंह, दिलशाद, साकिब व साहिल के पास आया था। उन सबने मिलकर उसके बेटे की हत्या कर दी थी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया था।
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी दिलशाद पुलिस को गुमराह कर रहा था। आरोपी बताता रहा कि इस दुर्घटना को (एक्सीडेंट) किसी और ने अंजाम दिया है। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि रात को कुरबान ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे सो गया था। उसने कुरबान की तलाश भी की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं लग पाया। बाद में उसने किसी और के ट्रैक्टर की चाबी लेकर ट्रैक्टर चलाया तो नीचे सोया कुरबान चपेट में आ गया। पुलिस ने अदालत से आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है।