कुरुक्षेत्र। पुलिस ने नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी जगशीर सिंह उर्फ काका वासी रामथली समाधा थाना गुहला (कैथल) को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
दीपक वासी चनालहेड़ी ने छह फरवरी को थाना इस्माईलाबाद पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसके रिश्तेदार पोली व काका वासी रामथली समाधा ने उसे सरकारी नौकरी लगाने का आश्वासन दिया था। आरोपी काका ने बताया था कि उनके बेटे सलिंद्र की नेताओं और अधिकारियों से अच्छी जान पहचान है। उसने कई लोगों को नौकरी पर लगवाया है। वह अब उसे भी नौकरी पर लगवा देगा। इस एवज में आरोपियों ने उससे एक लाख रुपये की मांग की, जिसमें 30 हजार रुपये एडवांस देने की मांग की थी।
उनकी बातों में आकर उसने 30 हजार रुपये एडवांस दे दिए थे। आरोपी रुपये लेने के बाद टालमटोल करने लगे थे। बातचीत करने पर आरोपियों ने उससे एक लाख रुपये और मांगे। इस पर उसने उनको एक लाख रुपये दे दिया था। इसके बाद भी आरोपियों ने उसकी नौकरी नहीं लगवाई और उसके पैसे भी वापस नहीं किए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच के दौरान आरोपी जगशीर सिंह उर्फ काका को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।