कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने बिजली कर्मचारी के साथ मारपीट करने के आरोप में शाहाबाद के वाल्मीकि नगर के रहने वाले संजीव कुमार उर्फ रजत को गिरफ्तार किया है। आरोपी की आपराधिक कुंडली खंगालने पर पहले से थाना शाहाबाद में ही दो एनडीपीएस के मामले दर्ज मिले जिनमें वह फरार चल रहा था और एक मामला अदालत में भी विचाराधीन मिला।
29 जुलाई को बिजली निगम में लाइनमैन के पद पर कार्यरत राम भरोसे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 जुलाई की रात एक बजे उन्हें शिकायत मिली कि लव कुश गेट के पास फ्यूज उड़ गया है जिसके बाद वह सरकारी गाड़ी में अपने एक और साथी के साथ वहां पहुंचे और फ्यूज ठीक करने लग गए। उसी समय दो युवक वहां आए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट में उन्हें काफी चोटें आईं। दोनों युवकों ने उनकी सरकारी गाड़ी की चाबी भी निकाल ली। शिकायत पर थाना शाहाबाद में मामला दर्ज करके जांच की गई। जांच के बाद टीम ने आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर लिया।