कुरुक्षेत्र। पवित्र ब्रह्मसरोवर का दृश्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। पवित्र ब्रह्मसरोवर अब तीसरी आंख के पहरे में होगा। इसके हर प्रवेश द्वार और चारों तरफ उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार की जाएगी। इस योजना के तहत ब्रह्मसरोवर को सीसीटीवी कैमरों से कवर करने के साथ-साथ अर्जुन चौक, थर्ड गेट, द्वितीय गेट और पुलिस प्रशासन के सुझावों के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
इस योजना को तैयार करने के लिए नगर परिषद के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं शहर के सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव और अन्य खामियों को दूर करने के भी निर्देश नगर परिषद को दिए गए हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के मुताबिक ब्रह्मसरोवर के चारों तरफ और प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए एनओसी जारी कर दी गई है।
अब इन कैमरों को स्थापित करने की जिम्मेवारी नगर परिषद को सौंपी गई है। इस विभाग की ओर से जल्द डिटेल प्लान तैयार करके सरकार के पास भेजा जाएगा ताकि जल्द से जल्द इस योजना को अमलीजामा पहनाया जा सके।
एनएच-44 पिपली जू के सामने फ्लाईओवर बनाने की योजना
पिपली चौक पर सड़क दुर्घटनाओं व ट्रैफिक व्यवस्था से निजात दिलाने की समस्या से एनएच-44 पिपली जू के सामने फ्लाई ओवर बनाने की योजना तैयार की जाएगी। इस योजना को तैयार करने के लिए एनएएचआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और अन्य संबंधित अधिकारियों की जल्द एक मीटिंग बुलाई जाएगी। शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा इस योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि इसके तैयार होने और मंजूरी मिलने के बाद एनएएचआई विभाग की तरफ से 12 महीनों में इस योजना को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। इस योजना के पूरा होने से लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
लाडवा के मुख्य मार्ग पर नई ग्रिल लगाने का प्रस्ताव रखा
यमुनानगर रोड पर लाडवा के बीच डिवाइडिंग रोड पर ग्रिल टूट चुकी है जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग की तरफ से नई ग्रिल लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव पर जल्द कार्रवाई करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
कुरुक्षेत्र। पवित्र ब्रह्मसरोवर का दृश्य। संवाद