इस्माईलाबाद। शराब पीकर सरकारी कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर आरोपी दलेर सिंह निवासी चिब्बा को कारागार भेज दिया। थाना झांसा पुलिस को सूचना मिली कि दलेर सिंह शराब के नशे में धुत होकर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज कर रहा है। समझाने के बाद भी नहीं मान रहा है। शोर-शराबा कर थाना में शांतिभंग कर रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शराब पीकर हुड़दंग बाजी करने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
छात्र से मारपीट का आरोपी जमानत पर रिहा
इस्माईलाबाद। पुलिस ने छात्र के साथ मारपीट करने के आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी रोहित निवासी खेड़ी शहीदां को जमानत दे दी। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पकड़ चुकी है। थाना इस्माईलाबाद में दर्ज शिकायत में गुरप्रीत सिंह निवासी बिंजल जिला पटियाला ने बताया था कि वह 16 नवंबर को ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रहा था। अनाज मंडी में पहुंचा तो सर्वजीत, आर्यन समेत पांच-छह अन्य युवकों ने उस पर लोहे की रॉड, डंडे से हमला कर जख्मी कर दिया था। शिकायत पर मामला दर्ज करा पुलिस ने एक आरोपी गुलशन कुमार निवासी खेड़ी शहीदां को गिरफ्तार किया था। अब आरोपी की निशानदेही पर दूसरे आरोपी रोहित को पकड़ा था।
चोरी करने का पेशेवर आरोपी भेजा जेल
शाहाबाद। पुलिस ने चोरी करने के पेशेवर आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने बाइक चोरी करने के आरोपी रोहित उर्फ काला निवासी शाहाबाद को कारागार भेज दिया। थाना शाहाबाद में जसमीत उर्फ बिक्की निवासी शाहाबाद ने बताया था कि उसकी शिव मंदिर की दुकानों में बर्तन व बिस्तर की दुकान है। उसकी दुकान से चार गैस सिलिंडर चोरी हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी आरोपी रोहित काे बराड़ा रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा सिलिंडर व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कराई। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने एक बाइक बराड़ा जिला अंबाला से चुराई थी। वह चोरी करने में बाइक का प्रयोग करता था। इससे पहले आरोपी ने माजरी मोहल्ला जेवर, डॉलर व कुछ जरूरी कागजात चुराए थे। पुलिस ने आरोपी से सात डॉलर, एक हजार रुपये समेत अन्य चोरी का सामान बरामद किया।