इस्माईलाबाद। शहर के बस स्टैंड के पास एक युवक को गोली मारने का आरोपी पांच दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से शहरवासियों में भय और रोष व्याप्त है। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच के लिए सीआईए और थाना पुलिस की संयुक्त टीमें लगाई हैं।
ये टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। गोली लगने से घायल गुलशन कुमार को पीजीआई से छुट्टी मिल गई है। डॉक्टरों ने अभी तक गुलशन के शरीर से गोली नहीं निकाली है। डॉक्टरों का मानना है कि गोली रीढ़ की हड्डी के पास है। वहां घाव बना हुआ है और बारीक नसों का जाल है। पहले दवाइयों से घाव भरा जाएगा। करीब दस दिन बाद दोबारा जांच के बाद गोली निकालने पर विचार किया जाएगा। गुलशन का इलाज अब घर पर ही चल रहा है।
घटना का विवरण
बुधवार देर शाम गुलशन कुमार अपने ट्रक से खेड़ी शहीदां पिहोवा से गांव जा रहा था। वह इस्माईलाबाद बस स्टैंड के पास बर्गर खाने रुका था। उसी समय कार में सवार एक युवक ने उस पर गोली चला दी। गोली गुलशन की पीठ में लगी जिससे वह घायल हो गया। थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि आरोपी मनिंद्र को पकड़ने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।