पिपली। कनाडा भेजने के नाम पर 72 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी देवीलाल उर्फ देबू निवासी जयपुर राजस्थान ने शिकायतकर्ता से रुपये लेकर नकली वीजा दिया था। आरोपी ने शिकायतकर्ता के बेटे के दोस्तों को भी विदेश भेजने का झांसा दिया था।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में प्रदीप कुमार निवासी सेक्टर-30 ने बताया था कि सुनील कुमार योगी ने उसके बेटे को 25 लाख रुपये में कनाडा भेजने का इकरारनामा किया था। 23 जुलाई 2021 को उसने आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के खाते में 20 लाख रुपये जमा कराए थे। विश्वास करके उसके बेटे के दोस्तों ने भी आरोपी से बातचीत करके उसे 13 जनवरी 2023 को आरोपी के खाते में 72 लाख रुपये फोन-पे, गूगल-पे व आरटीजीएस के माध्यम से दिए थे। कुछ दिन बाद आरोपी ने उनको वीजा व टिकट दी, जिसकी जांच कराई तो वे जाली पाए गए थे। आरोपी से रुपये वापस मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा ने करते हुए आरोपी देवीलाल को मामले में गिरफ्तार किया है।