माई सिटी रिपोर्टर
कुरुक्षेत्र। गुरदासपुरा से कुरुक्षेत्र का भ्रमण करने आए दो चचेरे भाई पिपली में हुई सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। मृतकों की शनाख्त पंजाब के गुरदासपुरा, रेलवे छिना निवासी 22 वर्षीय तेजविंदर सिंह और 21 वर्षीय स्वर्णबीर के रूप में हुई है।
सड़क दुर्घटना वीरवार देर रात पिपली नेशनल हाईवे स्थित स्वागतम होटल के नजदीक हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तेजविंदर अपने चचेरे भाई स्वर्णबीर के साथ बाइक पर कुरुक्षेत्र का भ्रमण करने के पश्चात अंबाला की ओर जा रहे थे, जैसे ही वह पिपली नेशनल हाईवे स्थित स्वागतम होटल के निकट पहुंचे तो अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें तेजविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसके भाई स्वर्णबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। जहां युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हालांकि पुलिस ने शुक्रवार को मृतक तेजविंदर के शव का एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि चंडीगढ़ पीजीआई में उपचार के दौरान हुई स्वर्णबीर की मौत के बाद उसका शव लेने के लिए शुक्रवार शाम को पुलिस रवाना हो चुकी थी। शनिवार को मृतक स्वर्णबीर के शव का एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम होगा। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कार को कब्जे में ले लिया है। वहीं पुलिस ने शुक्रवार को तेजविंदर के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि दूसरे मृतक युवक के शव का शनिवार को एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके से कब्जे में ली कार के आधार पर जांच कर रही है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।