कुरुक्षेत्र। आम आदमी पार्टी भले ही दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार चुकी है लेकिन हरियाणा में होने वाले निकाय चुनाव में पार्टी सिंबल पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। एक-दो दिन में ही पार्टी अपने प्रत्याशी भी घोषित कर देगी। यह ऐलान पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने किया। वे सोमवार को देर शाम रेलवे स्टेशन के समीप स्थित अग्रवाल धर्मशाला में निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने पहुंचे थे।
इस दौरान जहां कार्यकर्ताओं से करीब दो घंटे तक चर्चा की तो वहीं पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ निकाय चुनाव लड़ेगी, जिसके लिए तैयारी की जा रही है। कार्यकर्ताओं की भी इच्छा है कि सिंबल पर चुनाव लड़ा जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल को हराने के लिए भाजपा ने हर प्रकार से दांव पेंच अपनाए। अपने कार्यकाल में आप सरकार ने लोगों को भरसक मूलभूत सुविधाएं देने का कार्य किया लेकिन अब जनता ने जो निर्णय सुनाया है वह पार्टी को मंजूर है। आप अब दिल्ली विधानसभा में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। इस दौरान कृष्ण बजाज, विशाल खुब्बड़, सुमित हिंदुस्तानी सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।