कुरुक्षेत्र। लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के 10 वें स्थापना दिवस पर खंड स्तरीय खेल मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार व खंड शिक्षा अधिकारी रामराज के सहयोग से किया गया। लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के जिला क्षेत्रीय प्रबंधक ओम पाल ने बताया कि यह संस्था प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है और सभी स्कूलों में अकादमिक सहायता प्रदान करती है।
संस्था की ओर से समय-समय पर शिक्षक प्रशिक्षण और टीएलएम भी उपलब्ध करवाया गया है, बाल वाटिका के बच्चों के साथ जो कार्य हो रहा है उसकी सारी शिक्षण सामग्री और खिलौने भी लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन द्वारा दिए गए हैं जो कि बच्चों के सीखने में बहुत उपयोगी हैं।
खेल मेले में बाल वाटिका-तीन के बच्चों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। इसी के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला में खंड स्तरीय खेल मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के दिलीप और सुमित शर्मा ने सहयोग किया। इसके साथ ही पवन मित्तल एवं रमेश कुमार भी रहे। विशेषकर अभिभावकों को खेल मेला आयोजन का उद्देश्य और इसका महत्व अभिभावकों को बताया गया। मुख्य रूप से रंगोली, कलर पहचान, पिरामिड बनाना, लड्डू का खेल आकर्षण का केंद्र रहे।