धान के सीजन की आढ़त व मजदूरी का करीब 10 करोड़ रुपये का भुगतान न होने पर आढ़तियों में रोष पनप रहा है। आढ़तियों का कहना है कि धान का सीजन समाप्त हुए दो माह का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक सरकार द्वारा आढ़त व मजदूरी का बकाया नहीं दिया गया।
मामला स्थानीय विधायक एवं खेल राज्यमंत्री के संज्ञान में भी ला चुके हैं। अनाज मंडी के प्रधान राजेश कंसल तथा सचिव बलदेव शर्मा ने संयुक्त बयान जारी करते हुए बताया कि धान की सरकारी खरीद हुए करीब दो माह बीत चुके है, लेकिन सरकार ने आढ़तियों की बकाया आढ़त व मजदूरी अभी तक नहीं दी।
बताया कि इस्माईलाबाद अनाज मंडी की धान के सीजन 6 करोड़ 6 लाख रुपये तथा मजदूरी करीब 4 करोड़ रुपये बकाया है। इस तरह उनकी मंडी की करीब 10 करोड़ रुपये की आढ़त व मजदूरी रुकी हुई है। उन्होंने बताया कि सरकार आढ़तियों के पैसे रोक कर उनकी परेशानी और अधिक बढ़ा रही है। उन्होंने सरकार से मांग रखी है कि उनकी आढ़त व मजदूरी जल्द से जल्द उन्हें दी जाए, ताकि उनके सभी काम सुचारू रूप से हो सकें। इस अवसर पर आढ़ती महिंद्र सिंह, रेशम सिंह थिंद व सुरेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।