संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। कस्बे के मुख्य बाजार में शॉर्ट सर्किट से एक दुकान में आग लग गई, जिससे दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
विजय रोप स्टोर के मालिक विजय गोयल ने बताया कि रविवार को साफ सफाई आदि के लिए दुकान खोली थी। सोमवार सुबह साढ़े छह बजे दुकान के सामने सब्जी की दुकान लगाने वाले प्रदीप कुमार व बिट्टू ने उसे फोन कर बताया कि उसकी दुकान से धुंआ निकल रहा है। उसने तुरंत मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मचारियों को फोन किया। कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। टीम में तीन फायर कर्मी व दो होमगार्ड जवान शामिल रहे।
आग लगने से उसकी दुकान में रस्सियां, चटाई मैट, बाल्टी, टब, लकड़ी का सामान और प्लास्टिक का सामान आदि जलकर खाक हो गया, जिससे उसको हजारों रुपये का नुकसान हो गया। उन्होंने बताया कि अगर समय रहते आग लगने की घटना का पता नहीं चलता तो पास की कपड़ों की दुकानों में आग फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
जिला दमकल अधिकारी संदीप ग्रेवाल ने कहा कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल टीम पहुंच गई थी और आग को काबू किया। उन्होंने बताया कि जो कर्मचारी हड़ताल पर नहीं है, उनसे फिलहाल काम चलाया जा रहा है।