पिहोवा। खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक साइबर ठग ने महिला से एक लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। अब गांव इस्हाक की रहने वाली सोनी देवी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
उन्होंने बताया कि उनके पास बैंक का क्रेडिट कार्ड है जिसकी लिमिट एक लाख 34 हजार रुपये है। सुबह करीब 9:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को एक्सिस बैंक के नवी मुंबई हेडक्वार्टर का कर्मचारी बताया। कर्मी ने क्रेडिट कार्ड पर लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया जिसमें कार्ड की लिमिट 1.34 लाख से बढ़ाकर 2.85 लाख हो जाएगी। इसके लिए कोई ओटीपी या दूसरी डिटेल नहीं मांगी जाएगी। महिला ने लिमिट बढ़ाने की अनुमति दे दी, क्योंकि उन्हें लगा कि कॉलर बैंककर्मी ही है।
आरोपी ने उनका पैन कार्ड नंबर बताकर वेरिफाई किया। उन्होंने कंफर्म किया तो ठग ने मोबाइल में एक्सिस बैंक एप खुलवाकर प्रोसेसिंग करवानी शुरू दी। बीच में आरोपी ने कुछ वाउचर लेने की बात कही, जो फ्री में मिलने वाले थे। आरोपी ने बताया कि अगर वाउचर से कोई पैसे कट भी गए तो वापस आ जाएंगे। कार्ड ब्लॉक करवाकर ओटीपी लिया जिसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से दो बार में 1.20 लाख से ज्यादा रुपये कट गए।