कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। रतनगढ़ गांव के पास नेशनल हाईवे पर थार और ट्राॅले की टक्कर में मां महक और तीन वर्षीय बेटे विहान की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। मंगलवार की शाम परिवार ने साथ बैठकर खाना खाने और खुशियां बांटने की योजना बनाई थी, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह शाम उनकी जिंदगी की सबसे दर्दनाक याद बन जाएगी।
महक के पति रोबिन गुप्ता ने भावुक होते हुए बताया कि पहले परिवार ने अमन होटल में डिनर करने का फैसला किया था, लेकिन महक ने डोसा खाने की इच्छा जताई तो उन्होंने मन्नत होटल जाने का निर्णय लिया। वहां महक ने डोसा मंगवाया जबकि उन्होंने परांठा खाया। बेटे विहान के लिए दूध लिया। दूध पीने के बाद मासूम गाड़ी में ही सो गया। परिवार खाना खाने के बाद घर लौट रहा था कि रास्ते में रतनगढ़ के पास हादसा हो गया। इस दुर्घटना में महक और विहान दोनों की जान चली गई। रोबिन ने बताया यह सदमा सहना उनके लिए बेहद मुश्किल है। जिस बेटे को कुछ देर पहले दूध पिलाकर गाड़ी में सुलाया था, वह अब कभी आंखें नहीं खोलेगा। मां-बेटे की एक साथ मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।