कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सशक्त नारी, सशक्त समाज, सशक्त राष्ट्र विषय पर सेमिनार और प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से किया जाएगा। इस दौरान कला उत्सव में भाग लेने वाली राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महिला कलाकारों को भी सम्मानित किया जाएगा।
क्रश हॉल में लगने वाली प्रदर्शनी में नारी सशक्तीकरण को समर्पित लगभग 50 पैनल लगाए गए हैं जिनका उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे। प्रदर्शनी में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला वैज्ञानिकों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के विकास में महिलाओं के योगदान को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
खेल क्षेत्र में ओलंपिक, कॉमनवेल्थ सहित विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रदेश व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है। इसके अलावा भारत रत्न, पद्म भूषण, पद्म विभूषण और पद्मश्री जैसे सम्मानों से अलंकृत महिलाओं और प्रदेश और जिले की उन महिलाओं को भी स्थान दिया गया है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में समाज को नई दिशा दी है। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कार्यक्रम के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रदर्शनी में लैंगिक समानता, ग्रामीण महिलाओं के लिए जागरूकता अभियान, कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, साइबर कानून, वित्तीय साक्षरता, सामाजिक भागीदारी और उद्यमशीलता से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. एआर चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न गांवों में संचालित स्किल सेंटर, सिलाई व कढ़ाई केंद्रों से जुड़ी करीब आठ महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं और कला उत्सव में भाग लेने वाली देशभर की आठ महिला कलाकारों को भी सम्मान दिया जाएगा। इस दौरान सशक्त नारी, सशक्त समाज, सशक्त राष्ट्र विषय पर तैयार स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि मुख्यमंत्री क्रश हॉल में प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और सेमिनार की स्मारिका का विमोचन भी करेंगे। सेमिनार में महिला सशक्तीकरण विषय पर प्रो. प्रीति जैन और डॉ. मंजुला चौधरी अपने विचार रखेंगी। वाद-विवाद प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। विवि के विकास में महिलाओं का योगदान विषय पर एक लघु फिल्म भी ऑडिटोरियम में दिखाई जाएगी।
ग्रामीण महिलाओं को सिलाई मशीनें देंगे मुख्यमंत्री
प्रदर्शनी में विवि महिला अध्ययन शोध केंद्र और केयू एलुमनी एसोसिएशन के सहयोग से पिछले पांच वर्षों में महिलाओं के विकास और प्रशिक्षण से जुड़े कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रशिक्षण प्राप्त ग्रामीण महिलाओं को सिलाई और कढ़ाई मशीनें वितरित करेंगे।
कुरुक्षेत्र। कला उत्सव के दौरान बनाई गई पेंटिंग। संवाद