कुरुक्षेत्र। साइबर ठगों ने नौकरी दिलवाने के नाम पर एक युवक से 92 हजार रुपये हड़प लिए हैं। ठगों ने युवक को सोशल मीडिया पर संदेश भेजकर ऑनलाइन नौकरी करने का ऑफर दिया और इसके बाद टोकन मनी के रूप में 50 हजार रुपये की मांग की। युवक ने ठगों की बातों में आकर उनके खाते में पैसे डाल दिए।
पिहोवा की पूजा काॅलोनी के रहने वाले मनजीत कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले उनके सोशल मीडिया अकाउंट व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया जिसमें घर पर बैठे काम करने की एवज में 40 हजार रुपये सैलरी हर माह और टारगेट पूरा होने पर कमीशन अलग से देने की बात कही। इसके साथ ठगों ने एप पर काम करने के लिए कुछ दिन तक ट्रेनिंग भी दी। इसके बाद उन्होंने एप पर काम करने के लिए पंजीकरण करने को कहा जिसके लिए ठगों ने 92 हजार रुपये फीस के रूप में मांगे। ठगों की बातों में आकर उन्होंने ठगों के खाते में पहले 50 हजार रुपये टोकन मनी के रूप में दूसरी बार में 42 हजार रुपये भेज दिए।
मनजीत ने बताया कि ठगों को रुपये देने के बाद किसी माध्यम से उनसे संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने ठगों से काम मांगने के लिए कई बार संपर्क करने की कोशिश की, संपर्क नहीं होने पर उन्हें एहसास हुआ की उनके साथ ठगी हुई है।