कुरुक्षेत्र। राजकीय महिला कॉलेज पलवल नए सत्र से शुरू किया जाएगा, जिसमें बीए, बीकॉम, बीएससी कंप्यूटर की 240 सीटें होंगी। इस कॉलेज में 16 जून 2018 से ऑनलाइन दाखिले शुरू कर दिए जाएंगे और इस कॉलेज का प्रथम सत्र राजकीय प्राथमिक स्कूल सेक्टर आठ के भवन में शुरू किया जाएगा। यह जानकारी विधायक सुभाष सुधा ने दी। वे शुक्रवार को देर शाम राजकीय महिला कॉलेज पलवल के वैकल्पिक भवन राजकीय स्कूल सेक्टर 8 का अवलोकन करने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे।
इस पहले विधायक व शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने राजकीय महिला कॉलेज के भवन के लिए कई स्कूलों का अवलोकन किया और सभी की राय से राजकीय प्राथमिक पाठशाला सेक्टर 8 के भवन को फाइनल किया गया। उन्होंने कहा कि राजकीय महिला कॉलेज पलवल का प्रथम सत्र जुलाई 2018 में शुरू हो जाएगा। इसके लिए 16 जून से ऑनलाइन दाखिले शुरू हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस राजकीय कालेज में बीए, बीकॉम, बीएससी कंप्यूटर साइंस की प्रत्येक स्ट्रीम में 80-80 सीटें होंगी। इन रेगुलर कोर्स के अलावा ई-कामर्स व वेब डिजाईनिंग एडऑन कोर्स भी करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह कालेज छात्राओं के लिए वरदान साबित होगा, इस कालेज का नया भवन पलवल गांव में दिसंबर 2018 तक पूरा हो जाएगा। इस मौके पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतपाल भट्टी, राजकीय महिला कालेज पलवल के प्रिंसीपल डा. बलविंद्र सिंह घोतरा, डा. विरेन्द्र कौर, डा. जोगेंद्र सिंह, डा. सुरेश कुमार, रवि, भूपेंद्र, सुनील व राजेश आदि उपस्थित थे।
पहले सत्र में ये कोर्स होंगे शुरू
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि राजकीय महिला कालेज पलवल में सत्र 2018-19 में छात्राओं को बीए प्रथम वर्ष में पब्लिक एडमिनिस्ट्रिेशन, साईकॉलोजी, अर्थशास्त्र, गणित, सोसलोजी, जियोग्राफी, होम साइंस, राजनीति शास्त्र, इतिहास, पत्रकारिता, हेल्थ एंड फिजिकल विज्ञान, पंजाबी रेगुलर कोर्स के साथ-साथ ई-कामर्स और वेब डिजाइनिंग के 2 एडऑन कोर्स शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बीए के अलावा बीकॉम और बीएससी कंप्यूटर साइंस के भी सभी कोर्स शुरू किए जा रहे हैं।