कुरुक्षेत्र। प्रदेश के 7 विश्वविद्यालयों में नान साइंस पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रदेशभर के विद्यार्थी 24 जून से 30 जून के बीच अपने मनचाहे विश्वविद्यालय व कोर्स का चयन ऑनलाइन काउंसिलिंग में कर सकेंगे। दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय व कोर्स का चयन करने के बाद 3 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट ऑनलाइन डिस्पले होगी। 3 से 5 जुलाई के बीच विद्यार्थियों को संबंधित विश्वविद्यालय में रिपोर्ट करना होगा और इसी दौरान 5 जुलाई तक उन्हें फीस जमा करवानी होगी। इस तरह से 15 पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पहली बार प्रदेश में हो रही ऑनलाइन काउंसिलिंग में विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। आईटी सेल के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने बताया कि प्रदेश में पहली बार इंजीनियरिंग की तर्ज पर विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग की जा रही है। विद्यार्थी अपने लॉग इन आईडी से दाखिले के लिए एडमिशन पोर्टल केयूकेएडमिशन डॉट इन पर लॉग इन कर दाखिले के लिए पहली काउंसिलिंग में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पहली काउंसिलिंग के लिए विद्यार्थी 24 से 30 जून के बीच अपनी च्वाइस देंगे, 3 जुलाई को सुबह 10 बजे मेरिट लिस्ट ऑनलाईन होगी, 3 से 5 जुलाई को विद्यार्थियों को संबंधित विश्वविद्यालय में अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा व इसी दौरान वे फीस भर सकेंगे। पहली काउंसिलिंग के पूरा होने के बाद खाली सीटों का विवरण 5 जुलाई को ही एडमिशन पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दूसरी काउंसिलिंग का चरण 7 जुलाई से शुरू होगा, 7 व 9 जुलाई के बीच में विद्यार्थियों को अपनी च्वाइस देनी होगी। 11 जुलाई को दूसरी लिस्ट डिस्पले होगी, 11 से 13 जुलाई के बीच में विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को रिपोर्ट करना होगा और इसी दौरान उनके दस्तावेजों की जांच कर उन्हें दाखिला मिलेगा। प्रो. ढींगरा ने बताया कि 13 जुलाई को ही दूसरी कांउसिलिंग में खाली पड़ी सीटों का ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड होगा। कांउसिलिंग के तीसरे चरण में 15 से 17 जुलाई के बीच आवेदकों को अपनी च्वाइस देनी होगी। 19 जुलाई को तीसरी मेरिट लिस्ट एडमिशन पोर्टल पर उपलब्ध होगी। 19 से 21 जुलाई के बीच विद्यार्थियों को अपने दस्तावेजों की जांच करवानी होगी व उसके बाद उन्हें दाखिला मिलेगा। अगर विभागों में सीटें खाली बचती हैं तो सभी पाठ्यक्रमों में 25 जुलाई को फिजिकल उपस्थिति होगी व 28 जुलाई को फिजिकल उपस्थित होने वाले विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। 20 जुलाई से प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में कक्षाएं प्रारंभ होंगी।
सभी प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के डीन परीक्षा प्रो. सीआर ड्रोलिया ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने दाखिलों के लिए आयोजित सभी प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम निर्धारित समय पर घोषित कर दिए हैं। सभी विद्यार्थी विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल पर प्रवेश परीक्षा के परिणाम देख सकते हैं।
यह रहेगा काउंसिलिंग का शेड्यूल
पहली काउंसिलिंग के लिए च्वाइस 24 से 30 जून के बीच, मेरिट लिस्ट 3 जुलाई, फीस डिपोजिट 3 से 5 जुलाई, दूसरी काउंसिलिंग 7 से 9 च्वाइस, 11 को मेरिट लिस्ट, 11 से 13 जुलाई के बीच एडमिशन होंगे। तीसरी काउंसिलिंग 15 से 17 जुलाई, च्वाइस 19 जुलाई, मेरिट लिस्ट 19 से 21 जुलाई दाखिला, सीटें खाली रह जाती हैं तो अंतिम काउंसिलिंग 25 जुलाई को होगी।
आनलाइन मिलेगा अलाटमेंट लेटर
आईटी सेल निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने बताया कि जैसे ही विद्यार्थी अपनी च्वाइस देंगे इसका अलाटमेंट लेटर आवेदक को उसके लॉग इन पर ही मिलेगा। इस लेटर को लेकर विद्यार्थी को संबंधित विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए जाना होगा। उन्होंनेे यह भी बताया कि विद्यार्थी लाग इन आईडी और पासवर्ड को किसी दूसरे से सांझा न करें और जहां तक हो सके प्रक्रिया के अनुसार अपनी च्वाइस स्वयं भरें क्योंकि च्वाइस लॉक होने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा।