अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज स्वयं मानसिक रूप से विकलांग हैं। ऐसे में वह दूसरों के उपचार की बात कैसे कह सकते हैं। ये बातें आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहीं। शनिवार को जयहिंद भाईचारा कावड़ यात्रा के दौरान शाहाबाद पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने शाहाबाद के बराड़ा चौक पर स्थित शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
नवीन ने कहा कि सीबीआई यानि कांग्रेस, भाजपा और इनेलो ने प्रदेश में भाईचारा बिगाड़ रखा है और आए दिन बेटियों से बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं। इसलिए आप ने भाईचारा कांवड़ यात्रा शुरू की है, जोकि हरिद्वार, यमुनानगर, पंचकूला एवं अन्य स्थानों से होते हुए रोहतक पहुंचेगी। यहां शिवरात्रि के दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित सभी मंत्रियों एवं विधायकों को गंगाजल भेंट करेंगे ताकि इनको सद्बुद्धि आ सके।
आप का गठबंधन जनता के साथ है न कि किसी राजनीतिक पार्टी से। जयहिंद के अनुसार हरियाणा में आप की सरकार आने पर दिल्ली मॉडल की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी नाममात्र शुल्क पर दी जाएगी। इस अवसर पर संगठन सचिव वीर सिंह बिहौली, हलका अध्यक्ष हरबंस लाल, दलीप दड़वा, योगेश सेठी, ऋषिपाल, राजाराम, ईतवारी लाल, नसीब सिंह, बांके लाल, प्रिंसपाल हिंगाखेड़ी, हरविंदर पुनिया, बलबीर सलपानी तथा दीवान सिंह राणा सहित अन्य मौजूद रहे।