अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि प्रदेश की हर मंडी में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। फसल खरीदने में आनाकानी करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। राज्यमंत्री वीरवार को देर शाम पिपली और थानेसर अनाज मंडी का औचक निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इससे पहले राज्यमंत्री कांबोज और विधायक सुभाष सुधा ने कुरुक्षेत्र और पिपली अनाजमंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, व्यापारियों के साथ ही मिलर्स से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार प्रदेश के 13 जिलों की मंडियों का निरीक्षण किया जाना हैं। इनमें से आठ मंडिया का दौरा किया जा चुका है। इस दौरान किसानों, व्यापारियों और मिलर्स से फीडबैक लिया। इस दौरान दोनों को किसी भी मंडी में किसी भी खरीद से संबधित समस्या नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेशानुसार प्रदेश की सभी मंडियों से किसानों, व्यापारियों से समस्याओं और दिक्कतों को जानने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों और व्यापारियों के लिए मंडियों में सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। किसानों और व्यापारियों के भुगतान में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। सभी अधिकारियों को किसानों और व्यापारियों से निरंतर संपर्क करके मौके पर समस्याओं का समाधान करने के आदेश दिए हैं। इस मौके पर युवा भाजपा नेता साहिल सुधा, ज्वेल सिंगला, डीएफएसई विरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
नहीं है कोई समस्या: बलविंद्र
राज्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान आढ़तियों से भी मंडी की समस्याएं जानने का प्रयास किया। इस दौरान आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान बलविंद्र सिंह ने बताया कि अब तक मंडी में कोई समस्या नहीं है। खरीद से लेकर उठान तक सभी प्रक्रिया सुचारु चल रही हैं।