हरपथ पर सेक्टर की समस्याओं को लेकर 85 शिकायतें दीं तो आईडी ही बंद करने की नप ने कर दी सिफारिश
- नप ईओ की तरफ से नगराधीश को जारी पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर किए जाने के भी पार्षद ने लगाए आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। वार्ड 9 के अंतर्गत सेक्टर-2 की सड़कों की समस्याओं के हरपथ पोर्टल पर लगे शिकायतों के अंबार से अधिकारियों में हड़बड़ी मच गई है। वार्ड पार्षद की आईडी पर क्षेत्र के लोगों ने 85 शिकायतें दर्ज कराई हैं। इस पर नगर परिषद के ईओ ने नगराधीश को आईडी बंद करने की सिफारिश कर दी है। पार्षद ने इस पर ईओ के फर्जी हस्ताक्षर होने के भी आरोप लगाए हैं।
पार्षद सुदेश चौधरी ने बताया कि उनके वार्ड के तहत सेक्टर-2 और 3 में सड़कें बेहद खस्ताहाल हो चुकी हैं। सड़कों में हुए गहरे गड्ढों की हरपथ पोर्टल पर लोगों ने 85 शिकायतें दर्ज कराई हैं। इसी से परेशान होकर नगर परिषद ईओ ने नगराधीश को पत्र भेजकर उनकी आईडी बंद करने की सिफारिश कर दी है। उन्होंने आरोप लगाए कि नप ईओ की ओर से जारी हस्ताक्षर फर्जी हैं, जिसकी जांच की जानी चाहिए। पार्षद ने कहा कि सोमवार को वे डीसी से क्षेत्र के लोगों के साथ मिलेंगी और आरोपी अधिकारियों को सस्पेंड करने व विभागीय कार्रवाई की मांग करेंगी। उन्होंने कहा कि सड़कों में गहरे गड्ढे होने के कारण हर रोज हादसे हो रहे हैं और कई बुजुर्ग भी इनका शिकार हो चुके हैं। इसके बावजूद अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं। नप अधिकारियों ने इन सड़कों को ठीक करने के बजाय आईडी बंद करने की सिफारिश कर दी है जबकि सरकार ने उक्त योजना के तहत लाखों रुपये का बजट जारी किया हुआ है। उधर इस मामले को लेकर नप ईओ से प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं हो पाया।