कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल के सामने पुलिस ने वोल्वो बस में ले जाया जा रहा करीब 700 किलो खोया पकड़ा। खोये की यह खेप बीकानेर से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब स्थित एक फर्म को भेजी जा रही थी। सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोये के सैंपल लिए और जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। खेप के साथ पक्का बिल मौजूद था, लेकिन सप्लाई करने वाले के पास भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का लाइसेंस नहीं मिला। इस पर बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री की सप्लाई करने का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस को वोल्वो बस में बड़ी मात्रा में खोया ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद बस को पुलिस चौकी में बुलाया गया और खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी जानकारी दी गई। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोये के सैंपल लिए। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में खोये की हालत ठीक मिली। इसे स्टेनलेस स्टील के डिब्बों में साफ-सुथरे तरीके से रखा गया था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित ने बताया कि पुलिस चौकी से सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। खोये के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। खेप के साथ बिल तो मिला, लेकिन एफएसएसएआई लाइसेंस नहीं होने के कारण बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री की सप्लाई का मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, केयू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश चंद ने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल के सामने वोल्वो बस में डिब्बों में खोया रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित किया गया और बस को विभाग की टीम के हवाले कर दिया गया।