साहब! पोस्टमार्टम रिपोर्ट देने के बदले डॉक्टर दस हजार मांग रहे हैं : शेर सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
जिला जेल में तीन जनवरी को आत्महत्या कर चुके गांव दबखेड़ी वासी संजू यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेने पहुंचे परिजनों से डॉक्टर ने दस हजार रुपये मांग लिए। संजू के पिता शेर सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिनों से रिपोर्ट लेने के लिए एलएनजेपी सिविल अस्प्ताल के डॉक्टरों के चक्कर काट रहे हैं। आरोप लगाया कि बुधवार को एक डॉक्टर ने रिपोर्ट की एवज में 10 हजार रुपये की मांग कर दी। उसने तत्काल अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। कुछ ही देर में अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और डॉक्टर के इस रवैये पर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होते देख डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंप दी। बाद में शेर सिंह ने इसकी शिकायत सीएमओ और पुलिस से की है।
सीएमओ को दी शिकायत में शेर सिंह ने आरोप लगाया कि तीन जनवरी को उनके बेटे संजू की जेल में मौत हो गई थी। उसके शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया था। इसकी रिपोर्ट लेने के लिए वह आठ जनवरी को डॉक्टर संदीप चौधरी के पास पहुंचा। डॉक्टर ने उसे कई जगहों पर चक्कर लगवाए और अगले दिन आने के लिए कहा। वह अगले दिन आया तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट देने में आनाकानी की गई। साथ ही अगले दिन आने को कहा। बुधवार को वह फिर डॉक्टर के पास पहुंचा तो साइकिल स्टैंड के ठेकेदार से फार्म भरवाकर लाने के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह फार्म भरवाकर लाया तो डॉक्टर ने उससे दस हजार रुपये की मांग की। उन्होंने यह राशि देने में खुद को असमर्थ बताया तो उससे एक-दो हजार रुपये देने की मांग की गई। इसके बाद उनसे कहा कि 500 रुपये तो देने ही होंगे। इस पर उन्होंने गांव बगथला वासी बोहड़ सिंह और अन्य परिजनों को सूचना दे दी। इस पर वे सभी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सीएमओ को दी शिकायत में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
लगाए जा रहे आरोप निराधार : डॉ संदीप
इस बारे में डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि रिपोर्ट के लिए उन्होंने सौ रुपये की रसीद कटवाने के लिए शेर सिंह से कहा था। यह फीस सरकारी तौर पर निर्धारित है। उन्होंने किसी भी प्रकार की रिश्वत की मांग नहीं की है। उन पर लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। वह भी नहीं समझ पा रहे हैं कि आखिर उन पर ऐसे आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं।
कमेटी करेगी मामले की जांच : डॉ. केके शर्मा
सीएमओ डॉ. एसके नैन के चंडीगढ़ में मीटिंग के चलते उनका कार्यभार देख रहे डॉ. केके शर्मा ने बताया कि उनके पास सीएमओ के नाम शेर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें डॉ. संदीप चौधरी पर दस हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप हैं। वीरवार को सीएमओ के आने पर यह मामला उनके संज्ञान में लाया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जो पूरे मामले की जांच करेगी। इसमें डॉक्टर दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
अभी शिकायत नहीं मिली : एसएचओ
केयू थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि डॉक्टर के रिश्वत मांगने की सूचना उन तक पहुंची है, लेकिन अभी कोई शिकायत किसी पक्ष की ओर से नहीं मिली है। शिकायत मिलेगी तो मामले की जांच और कार्रवाई की जाएगी।
तीन जनवरी को जेल में लटका मिला था संजू का शव
करीब 25 वर्षीय संजू यादव का शव तीन जनवरी को जिला जेल की बैरक तीन के बाथरूम में टोंटी से लटका मिला था। बताया गया था कि उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, उस दौरान परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया था। अभी वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत के कारण को जानना चाहते हैं। संजू के खिलाफ 27 नवंबर को परिवार के सदस्यों ने मारपीट और घर के सामान में आग लगाने का केस पुलिस में दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। वह 28 नवंबर से जिला जेल में बंद था।