रोडवेज की बस मजदूरों पर चढ़ी, एक घायल
बस चालक व परिचालक बस छोड़कर भागे
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। यमुनानगर रोड पर हरियाणा रोडवेज की एक बस ने लाडवा के पास सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे एक मजदूर बुरी तरह घायल हो गया जबकि चार अन्य मजदूरों ने सड़क से कूद कर अपनी जान बचाई। बस चालक व परिचालक घटना के बाद मौके से बस छोड़कर फरार हो गए , जबकि बस की सवारियां बीच सड़क पर ही परेशान खड़ी रहीं।
सवारियों और बस की चपेट में आने से बचे मजदूर नरेश के अनुसार हरियाणा रोडवेज की बस यमुनानगर से दिल्ली जा रही थी। उन्होंने बताया कि चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था। लाडवा के एक निजी पैलेस के पास मजदूर सड़क बना रहे थे। इससे वहां अन्य वाहन आने के कारण जाम लगा हुआ था। बस चालक ने गलत दिशा से बस निकालने की कोशिश की और इस कोशिश में उसने बस पर अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस जब सड़क पर काम कर रहे मजदूरों की दिशा मेें जाने लगी तो उन्होंने सड़क से कूदकर अपनी जान बचाई। इस बीच एक मजदूर कन्हैया बस की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गया। ठेकेदार के मुनीम दीप सिंह ने घायल मजदूर को अस्पताल में दाखिल करवाया। बस में मौजूद सवारी राजकुमार उत्तरप्रदेश, भारत दिल्ली, कुलदीप करनाल, देवेंद्र दिल्ली ने बताया कि बस में यमुनानगर से 60 सवारियां बैठी थीं। चालक बस को तेज रफ्तार से चला रहा था। सवारियों ने कहा कि बस चालक व परिचालक दुर्घटना के बाद बस छोड़कर खेतों में भाग गए। सवारियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए न तो अन्य कोई बस रुक रही है और न ही लाडवा तक उन्हें लिफ्ट ही मिल पा रही है। समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना स्थल पर करीब बीस सवारियां खड़ी थीं।