कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ने राजकीय पॉलिटेक्निक उमरी चौक उमरी में वार्षिक तीसरा मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेशभर से 1250 से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए। ये उम्मीदवार एचसीएल, टेक महिंद्रा, तीन आई इन्फोटेक, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, इन्फोसॉफ्ट सॉल्यूशन और आईटी, आईटीईएस और फिनटेक क्षेत्रों की अन्य 26 प्रतिष्ठित कंपनियों में कॅरिअर के अवसरों की तलाश में पहुंचे। लगभग 600 उम्मीदवारों को आगे के मूल्यांकन के लिए चुना गया।
प्रभारी निदेशक संदीप अहलावत ने कौशल-आधारित प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों और उद्योग-संरेखित शिक्षा के माध्यम से रोजगार क्षमता बढ़ाने में नाइलिट की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि, डॉ. डीआर विज, प्रोफेसर एमेरिटस, भौतिकी विभाग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने किया। छात्रों को अपना कॅरिअर शुरू करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करने में नाइलिट के प्रयासों की सराहना करते हुए डॉ. विज ने उद्योग के रुझानों से जुड़े रहने और नवीनतम तकनीकी प्रगति के साथ तालमेल बिठाने के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों में सुनील ढींगरा, डीन, यूआईईटी कुरुक्षेत्र से मनीष मिश्रा, उपाध्यक्ष और प्रशिक्षण प्रमुख, अवनेश वर्मा, सीमा सैनी ने शिरकत की।