जिले को पोलियो मुक्त बनाने के लिए रविवार को 0 से पांच वर्ष तक 60 हजार बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई गई । इस बार इस अभियान के तहत जिले में एक लाख 377 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। ये जानकारी उपायुक्त मुकुल कुमार ने एलएनजेपी अस्पताल से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ करने के बाद चिकित्सकों से बातचीत में दी। इससे पहले उन्होंने डॉ. अंशु सिंगला, जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा सिंह के साथ अभियान का शुभारंभ किया। पल्स पोलियो अभियान 21 जून तक चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय अभियान के तहत एक लाख 377 बच्चों को खुराक पिलाने के लिए 690 बूथ गठित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 20 व 21 जून 2022 को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इस अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 690 बूथ बनाए है। वहीं 48 टीमों का गठन किया गया हैं। वहीं 55 राहगीर टीमें भी कार्यरत रहेंगी। यह टीमें सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, रेलवे स्टेशन, स्लम बस्तियों, ईंट के भट्टों आदि जगहों पर पल्स पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 2088 कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई है। इस वर्ष कोरोना महामारी को जहन में रखते हुए सभी को सख्त हिदायत दी गई है कि बूथ पर एक समय में 5 बच्चों को बुलाकर दवा पिलाई जाए।