पानीपत। विकास एवं पंचायत विभाग के पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 56 सरपंच मथुरा और आगरा का दौरा करेंगे। इनमें 21 महिला और 35 पुरुष सरपंच शामिल हैं। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने वीरवार को दल को लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह से झंडी दिखा रवाना किया। नोडल अधिकारी खंड बापौली के वरिष्ठ कर्मचारी धवन को बनाया गया है।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि यह एक्सपोजर विजिट 18 से 22 सितंबर तक आयोजित होगी इसका संचालन गुरुग्राम के पॉजिटिव मंत्रा कंसल्टिंग पीवीटी लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है। इन सभी के साथ छह महिला और छह पुरुष अधिकारी भी नामित किए गए हैं जो आधिकारिक तौर पर उनके साथ कार्यशैली का जायजा लेंगे। प्लास्टिक वेस्टेज ट्रीटमेंट प्लांट, महिलाओं के लिए बनाए गए विशेष अस्पताल, स्वयं सहायता समूह के लिए बनाए गए बाजार, पार्क विद आउटडोर जिम,अमृत सरोवर, जलापूर्ति, स्थानीय महिलाओं के लिए सिलाई सेंटर, वाटर टैंक, वृद्धों के लिए ओल्ड एज होम की जानकारी लेंगे। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने बताया कि विजिट के लिए पुरुष और महिला के लिए अलग-अलग बसों की व्यवस्था की गई है। सभी प्रतिभागियों को अपना आधार कार्ड साथ रखना अनिवार्य किया गया है। सबसे पहले दल गांव नंगला चंद्रभान, मथुरा के फरा ब्लॉक और फातिहा गांव का दौरा करेंगे।