कुरुक्षेत्र। अपनी मांगों को लेकर 9 मई से नगर परिषद सफाई कर्मियों व फायर ब्रिगेड कर्मियों द्वारा शुरू किया गया। आंदोलन बुधवार को भी जारी रहा, जिस दौरान न केवल कर्मचारियों ने दिन भर धरना दिया बल्कि शहर में जुलूस निकालते हुए वे विधायक सुभाष सुधा आवास पर भी पहुंचे। यहां उन्होंने थालियां बजाकर अपना रोष जाहिर किया जिसके उपरांत वे फिर धरना स्थल पर पहुंचे और यहां भी थालियां बजाई। धरने की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुभाष गुस्सर ने की जबकि इस दौरान एसकेएस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता के अलावा जन संघर्ष मंच के पदाधिकारी भी शामिल रहे। उन्होंने धरना दे रहे कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जानबूझ कर सफाई कर्मियों को भड़का रही है। उनकी जायज मांगों को भी नहीं माना जा रहा है बल्कि उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी उनका धरना जारी रहेगा। उधर नगर परिषद प्रशासन ने 103 सफाई कर्मी दिहाड़ी पर लगाए, जिन्होंने पूरा दिन कूड़े के ढेर उठाए।
पुराने शहर व सेक्टरों में कराई जा रही सफाई : बिश्नोई
परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक रूप रविंद्र बिश्नोई का कहना है कि दिहाड़ी सफाई कर्मियों को पुराने शहर के अलावा सेक्टर चार व आठ सहित अन्य सेक्टरों में भी उतार दिया है। जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त होगी।
फोटो नंबर-10
नपा व दमकल के हड़ताली कर्मचारियों ने राज्यमंत्री कृष्ण बेदी का पुतला फूंका
लाडवा । नगरपालिका व दमकल के हड़ताली कर्मचारियों ने बुधवार को राज्यमंत्री कृष्ण बेदी की अर्थी के साथ रोष मार्च किया और उनका पुतला फूंका। शहर के इंद्री रोड व एस के रोड से होकर मुख्य बाजारों से रोष मार्च निकालते हुए कर्मचारियों ने इंद्री चौक पर राज्यमंत्री व शाहबाद के विधायक कृष्ण बेदी अर्थी रखकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की । हड़ताली कर्मचारियों ने सरकार पर कर्मचारियों की अनदेखी करने व अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए सरकार व राज्यमंत्री के विरोध में जोरदार नारेबाजी करते हुए राज्यमंत्री के पुतले को आग लगा दी। कर्मचारियों के इस प्रदर्शन के दौरान इंद्री चौक पर कुछ देर के लिए जाम लग गया जिससे चौक के चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात ठीक ढंग से चलवाया।