कुरुक्षेत्र। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा की बड़ी बहन कैलाश रानी (73 वर्ष) का अचानक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को गांधीनगर स्वर्ग आश्रम में किया गया। अंतिम संस्कार में इनेलो, भाजपा, कांग्रेस, बसपा सहित सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में नागरिकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। स्वर्गीय कैलाश रानी अशोक अरोड़ा की बड़ी बहन थीं। उन्हें मंगलवार को लुधियाना में दिल का दौरा पड़ा था। इलाज के लिए दयानंद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उनका देर रात्रि स्वर्गवास हो गया। उनका अंतिम संस्कार कुरुक्षेत्र के गांधी नगर स्थित स्वर्ग आश्रम में किया गया। गणमान्य लोगों ने अशोक अरोड़ा परिवार को सांत्वना दी। अंतिम यात्रा में शामिल होने वालों में इनेलो के कई विधायक, पूर्व विधायक व गणमान्य लोग शामिल हुए। इधर, इनेलो के प्रधान महासचिव एवं पूर्व सांसद डॉ. अजय चौटाला ने इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के निवास स्थान पर पहुंचकर उनकी बहन कैलाश रानी के निधन पर शोक जताया। उनके साथ राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप, जींद के इनेलो विधायक डॉ. हरिचंद, इनेलो विधायक दल के उपनेता जसविंद्र सिंह संधू तथा इंद्री के पूर्व विधायक भीमसैन मेहता ने भी अरोड़ा के निवास स्थान पर पहुंचकर उनकी बहन के निधन पर शोक जताया। डॉ. अजय चौटाला ने अशोक अरोड़ा के परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि बड़ी बहन का आशीर्वाद जब तक मिलता रहे तब तक ठीक है। उल्लेखनीय है डॉ. अजय चौटाला इन दिनों जेल से पैरोल पर आए हुए हैं।