कुरुक्षेत्र। अभिमन्युपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 47 बोतलें शराब की बरामद की हैं। पुलिस को देखकर आरोपी रोहित मौके से भाग गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि रोहित अपने मकान के निचले कमरे में बिना लाइसेंस शराब बेच रहा है। दबिश के दौरान रोहित पुलिस को देखकर गली में अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। तलाशी में मकान के मुख्य गेट के पास दो प्लास्टिक के कट्टों में शराब की बोतलें मिलीं। पुलिस ने रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दो मोटरसाइकिलों की टक्कर, दो घायल
पिहोवा। गुमथला गढ़ु गांव नहर पुल के पास दो मोटरसाइकिलों में टक्कर हो गई, जिसके चलते दो मोटरसाइकिल सवार घायल हो गए। पुलिस को दी शिकायत में खेड़ी शिशग्रा गांव के रहने वाले पीड़ित सुखविंद्र पाल (27) ने बताया कि वह मोटरसाइकिल पर सतबीर सिंह के साथ शहर से अपने गांव की ओर जा रहे थे।
उसी समय एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे सुखविंद्र पाल और सतबीर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोपी चालक भी थोड़ी देर रुका, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल सहित मौके से भाग हो गया। घायलों को उनके भाई सुनील ने एंबुलेंस से उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फौजी पर हमला, पांच पर मामला दर्ज
पिहोवा। जमीन का ठेका लेने गए फौजी व उनके पिता पर कुछ लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। पुलिस में दी शिकायत में अरूणाय गांव के गुरविंदर ने बताया कि वह भारतीय सेना में तैनात है और हाल में शहर में किराए के मकान पर अपने परिवार के साथ रहता है। उनके पिता अनोखा सिंह जमीन के ठेके के लिए गांव में रामकुमार प्रजापत के घर गए थे। बातचीत के बाद जैसे ही वे बाहर निकले तो आरोपियों ने घात लगाकर हमला कर दिया।
गुरविंदर को तेजधार हथियार से मारा गया, जबकि उनके पिता को पीटा गया। शोर सुनकर रामकुमार और आसपास के लोग जमा हुए, जिसके बाद आरोपी भाग गए। जाते समय उन्होंने गुरविंदर और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। गंभीर हालत में गुरविंदर को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने गुरमीत सिंह, अजैब सिंह, डोलर, गैवी व एक अन्य के मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बच्चे ने किया टाइल मारकर बुजुर्ग महिला को घायल
पिहोवा। गलेडवा गांव 62 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला पर नाबालिग ने टाइल से हमला कर दिया, जिसमें उनकी टांग में गंभीर चोट आई। बुजुर्ग शांति देवी ने पुलिस से नाबालिग की शिकायत की है और उसके पिता बलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
शांति देवी ने बताया कि वह अपने मायके गलेडवा में भाई पूर्ण सिंह के घर थीं, तभी गली में खेल रहे बच्चों में विवाद हो गया। उन्होंने बचाने की कोशिश की तो आरोपी नाबालिग ने उन्हें गालियां दीं और टाइल का टुकड़ा उनकी टांग पर मारकर घायल कर दिया। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नाबालिग को उसके पिता बलविंदर सिंह उकसाते हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
मोटरसाइकिल चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-दो की टीम ने मोटरसाइकिल चोरी करने के आरोप में कुरुक्षेत्र निवासी धनी राम को गिरफ्तार किया है। 31 मार्च को थाना केयूके में शिकायत दर्ज करवाते हुए एक महिला ने बताया कि उनका बेटा मोटरसाइकिल पर सवार होकर ब्रह्मसरोवर पर टहलने आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल ब्रह्मसरोवर तट पर खड़ी की थी। जब वह घूमकर वापस आया तो वहां मोटरसाइकिल नहीं मिली। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच के बाद उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हेरोइन की आपूर्ति करने का आरोपी काबू
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने नशीले पदार्थ की आपूर्ति करने के आरोप में बपदा गांव निवासी जीसान खान उर्फ माटा को काबू किया है। 12 फरवरी को सैल टीम अपराध तलाश के लिए लाडवा बस अड्डा के पास मौजूद थी। उसी समय मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्राचीन हनुमान मन्दिर के पास नाकाबंदी करके मोटरसाइकिल सवार गांव भूतमाजरा निवासी अभिषेक को काबू कर तलाशी ली, जिसके पास से टीम को 10.77 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। आरोपी के विरुद्ध थाना लाडवा में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए अब टीम ने उक्त आरोपी को काबू कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
शराब ठेका के सेल्स मैन के साथ मारपीट करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। सीआईए दो की टीम ने शराब ठेका के सेल्स मैन के साथ मारपीट करने व धमकी देने के आरोप में पंजाब के रहने वाले कुलवंत शर्मा उर्फ बंटी, विकल्प उर्फ मोनू व यशल शर्मा उर्फ यश को गिरफ्तार किया है। 30 अप्रैल को पुलिस को दी शिकायत में पिहोवा के रहने वाले जसपाल सिंह ने बताया कि वह गांव मोहनपुर में सरकारी शराब के ठेके पर सेल्स मैन का काम करता है। रात 10 बजे के करीब वह ठेका बंद करके सो गया था। उसी रात 12 बजे के करीब किसी ने उसको आवाज लगाई जब उसने उठकर देखा तो तीन युवक ठेके पर शराब लेने के लिए खड़े थे। उसने उनको शराब देने से मना कर दिया। इस बात पर वह उसके साथ गाली गलौज करने लगे, जब उसने उनका विरोध किया तो वह उसको धक्का देकर ठेके के अंदर आ गए। अंदर आने के बाद उन्होंने उसको डंडों से मारना शुरू कर दिया और उसके गल्ले से करीब आठ हजार रुपये तथा ठेके से काफी मात्रा में शराब उठाकर ले गये। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच अपराध अन्वेषण शाखा-दो को दी गई, जिसके बाद उक्त आरोपियों की टीम ने काबू कर लिया।
अलग-अलग मामलों में मारपीट करने के दो आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। दो अलग-अलग मामलों में मारपीट करने के दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। थाना सदर टीम ने गुरमीत उर्फ मातु व हर्ष जाट उर्फ हर्ष काली रामना को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में उमरी के रहने वाले दिनेश कुमार ने बताया कि वह अपने खेत से घर आ रहा था। गांव के पास सरकारी स्कूल में उसके गांव के कुछ युवक पार्टी कर रहे थे। वह भी उनके साथ पार्टी में शामिल हो गया। कुछ समय बाद कुछ युवक हाथों में डंडे लिए उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करने लगे। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच की गई। इस मामले में तीन मार्च को टीम ने अंशुल उर्फ कालू को गिरफ्तार कर कारागार भेज दिया था। अब टीम ने गुरमीत को काबू कर अदालत में पेश करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया।
वहीं दूसरे मामले में कैथल जिले के गांव रसीना के रहने वाले देशराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अप्रैल को वह अपने बेटे के साथ शहर स्थित एक होटल में जन्मदिन पार्टी पर आया हुआ था। जब वह जन्मदिन मनाकर वापस जा रहा था। चढ्ढा कॉम्प्लेक्स के पास यश मिड्डा मिला। वहां उन दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। लोगों के बीच-बचाव के बाद जब वह पिपली चिड़िया घर के पास खड़े थे। उसी समय यश मिड्डा, हर्ष व अन्य साथियों के साथ आया और उसके ऊपर हमला कर दिया। शिकायत पर मामला दर्ज करके हर्ष जाट उर्फ हर्ष काली रामना को गिरफ्तार कर लिया।