कुरुक्षेत्र। क्रिप्टो करेंसी में पैसा लगाने के नाम पर 42.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को नामजद किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को तीन महीने में मोटे ब्याज के साथ रकम वापस करने का झांसा दिया था।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में शहरवासी व्यक्ति ने बताया कि वह गुलाबुद्दीन को पहले से जानता था। गुलाबुद्दीन के जरिए उसकी मुलाकात सुनील ठाकुर, पंकज, विजय चड्डा, बलकार, सतपाल व हिमांशु से हुई थी। जनवरी में गुलाबुद्दीन और सुनील ने बताया कि वह कंपनी में पैसा लगाकर मोटा मुनाफा कमा सकता है। उन्होंने उसे अपनी बातों में उलझाकर प्लॉट बेचकर मिले 33 लाख और 11 लाख रुपये लगवाने के लिए राजी कर लिया। आरोपियों ने उससे अलग-अलग तारीखों में चेक और कैश के जरिए 30 लाख 18 हजार 950 रुपये ट्रांसफर कराए थे। इसके अलावा 12 लाख छह हजार 270 रुपये नकद दिए थे। आरोपियों ने उससे कुल 42 लाख 25 हजार 220 रुपये लेकर तीन महीने में ब्याज समेत वापस देने का वादा किया था। तय समय पर उसने अपनी रकम मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में आरोपियों ने उसकी रकम देने से साफ इनकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।