अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र । प्रदेश के 7 विश्वविद्यालयों में नॉन साइंस पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए कांउसिलिंग में भाग लेने के लिए अब तक 5372 आवेदकों ने अपनी च्वाइस भरी है। 25 पाठ्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक आवेदक 7 जुलाई तक अपनी पसंद के विश्वविद्यालय व पाठ्यक्रम की च्वाइस को लॉक कर सकते हैं। 10 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट ऑनलाइन डिस्प्ले होगी, जिसके बाद सभी विश्वविद्यालयों के पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आईटी सेल के इंचार्ज प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में बैठने वाले लगभग पचास फीसदी आवेदक अपनी च्वाइस लॉक कर चुके हैं। अगले दो दिनों में विद्यार्थी कांउसलिंग की निर्धारित फीस भरकर दाखिले के लिए अपनी च्वाईस लॉक कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय व कोर्स का चयन करने के बाद 10 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट ऑनलाइन डिस्पले होगी। 10 से 12 जुलाई के बीच विद्यार्थियों को संबंधित विश्वविद्यालय में रिपोर्ट करना होगा और इसी दौरान 12 जुलाई तक उन्हें फीस जमा करवानी होगी। 10 जुलाई को सुबह 10 बजे मेरिट लिस्ट ऑनलाइन होगी, 10 से 12 जुलाई को विद्यार्थियों को संबंधित विश्वविद्यालय में अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा व इसी दौरान वे फीस भर सकेंगे। पहली काउंसिलिंग के पूरा होने के बाद खाली सीटो का विवरण 12 जुलाई को ही एडमिशन पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दूसरी कांउसिलिंग का चरण 14 जुलाई से शुरू होगा। 14 जुलाई को दूसरी लिस्ट डिस्प्ले होगी, 14 से 17 जुलाई के बीच में विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को रिपोर्ट करना होगा और इसी दौरान उनके दस्तावेजों की जांच कर उन्हें दाखिला मिलेगा। प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि 17 जुलाई को ही दूसरी कांउसिलिंग में खाली पड़ी सीटों का ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड होगा। 19 जुलाई को तीसरी मेरिट लिस्ट एडमिशन पोर्टल पर उपलब्ध होगी। 19 से 20 जुलाई के बीच विद्यार्थियों को अपने दस्तावेजों की जांच करवानी होगी व उसके बाद उन्हें दाखिला मिलेगा। 21 जुलाई से प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में कक्षाएं प्रारंभ होंगी। अगर विभागों में सीटें खाली बचती हैं तो सभी पाठ्यक्रमों में 27 जुलाई से 30 जुलाई तक फिजीकल कांउसिलिंग होगी और इसी आधार पर फिजीकल उपस्थित होने वाले विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
बाक्स
बीपीएड के कांउसलिंग शेड्यूल में किया बदलाव, शारीरिक क्षमता परीक्षा आज
-------------------
बीपीएड पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए कांउसलिंग के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। शारीरिक शिक्षा विभाग अध्यक्ष की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब इस पाठ्यक्रम के लिए पहली लिस्ट 11 जुलाई को लगेगी, दूसरी लिस्ट 13 जुलाई को व अंतिम लिस्ट 17 जुलाई को लगेगी व 18 जुलाई तक आवेदक फीस भर सकेंगे। इस कोर्स में दाखिले के लिए शारीरिक क्षमता परीक्षा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 6 जुलाई को प्रात: 11 बजे होगी।