अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
अपने पति के साथ झगड़ा करना एक महिला को उस समय मंहगा पड़ गया जब उसके पति ने कमरे में बंधक बना दिया और उसका खाना-पीना भी बंद कर दिया। मामला शनिवार देर रात को उस समय सामने आया जब एक सामाजिक संस्था के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और बंधक महिला को एक बंद कमरे से आजाद करवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार लाडवा के एक वार्ड निवासी व्यक्ति ने अपनी पत्नी को पिछले कई महीनों से कमरे में बंधक बनाया हुआ था। इसकी जानकारी पड़ोसियों ने फोन द्वारा श्री युवा अग्रवाल सभा के प्रधान अमन सिंगला को दी गई। सभा के प्रधान ने अपने युवा साथियों के साथ जब मौके पर जाकर देखा तो मामला सच निकला। अमन सिंगला ने बताया कि महिला के पति द्वारा न केवल महिला को कमरे में बंधक बनाया हुआ था, बल्कि उसे न तो खाने के लिए खाना और न ही पीने को पानी देता था। यहीं नहीं कमरे की बिजली तक काटी हुई थी। उन्होंने बताया कि महिला के पति के घर से जाने के बाद ही पड़ोसी उस महिला को खाने के लिए रोटी तथा पीने के लिए पानी देते थे। इससे पहले की मामला पुलिस तक पहुंचता महिला भागवंती के पति मेहर मंगला ने दोबारा से ऐसी गलती न करने तथा पत्नी को अच्छी तरह से रखने व हर रोज खाना आदि देने की रजामंदी होने के बाद एक बार तो मामला रफा-दफा हो गया।