कुरुक्षेत्र। कलाकर्ति भवन का बाहरी दृश्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन मल्टी आर्ट कलचर सेंटर (मैक) में किया जाएगा, जिसका उद्घाटन 21 नवंबर को मुख्यातिथि उपायुक्त नेहा सिंह करेंगी। युवा महोत्सव में विभिन्न विधाओं में करीब 400 युवा प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में फाॅक डांस, ग्रुप फाॅक डांस, सोलो फाॅक डांस, सोलो फाॅक सांग, कविता लेखन, पेंटिंग, कोरियोग्राफी, फोटोग्राफी सहित विभिन्न विधाओं में युवा प्रतिभागिता करेंगे।
दो दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन 22 नवंबर को बतौर मुख्यातिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे, जो विजेता रहे युवाओं को सम्मानित करेंगे। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु के युवा अपनी कला और प्रतिभा का हुनर दिखाएंगे। आईटीआई कुरुक्षेत्र के प्राचार्य जगमोहन ने बताया कि दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। युवाओं को सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। युवा महोत्सव संयोजक और आईटीआई प्राचार्य ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 2100 रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। द्वितीय को 1500 व तृतीय को 1100 रुपये व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विजेता प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सम्मानित करेंगे।