कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बाइक सवार दो युवकों को 250 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एक ही गांव सिरसमा के रहने वाले हैं। आरोपी आशु से 150 ग्राम और गौरव से 100 ग्राम अफीम बरामद हुई है। पुलिस ने उनकी बाइक को भी अपने कब्जे में लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत के आदेश से दो दिन के रिमांड पर लिया गया। एएनसी प्रभारी मनदीप सिंह ने बताया कि पिपली चौक पर गश्त करते हुए टीम को सूचना मिली कि गौरव अफीम बेचने का धंधा करता है। वह आज भी अपने गांव से अफीम बेचने के लिए पैदल ही पिपली अनाज मंडी की तरफ आएगा।
सूचना पर टीम ने अनाज मंडी गेट के सामने नाकाबंदी करके जांच करनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद टीम को एक बाइक पर दो युवक आते हुए दिखाई दिए। शक होने पर टीम ने उनको रोककर पूछताछ की तथा तलाशी ली। तलाशी लेने पर आशु से 150 ग्राम व गौरव से 100 ग्राम अफीम बरामद हुई। दोनों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है। संवाद