शनिवार रात करीब 9 बजे रतन डेरा सिरसला रोड पर सकाइट कॉलेज के पास एक सनसनीखेज घटना में तीन बाइक सवार हमलावरों ने 22 वर्षीय प्रिंस की चाकू मारकर हत्या कर दी। प्रिंस अपने छोटे भाई पारस के साथ बाइक पर काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से हमलावरों ने उनकी बाइक को घेर लिया। पारस, जो बाइक पर पीछे बैठा था, सिरसला की ओर भाग निकला, जबकि प्रिंस बाइक से गिर गया।
हमलावरों ने चाकू से किया हमला
हमलावरों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल प्रिंस को निजी कार में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रिंस की मां अपने घायल बेटे पारस के गले लगकर प्रिंस को एक बार देखने की जिद करती रही, लेकिन परिजन उन्हें समझा-बुझाकर घर ले गए। प्रिंस शादीपुर शहीदा डेरे का निवासी था और बिरला मंदिर के पास एक गारमेंट की दुकान पर काम करता था।