सांसद नवीन जिंदल ने पिपली मिनी जू का किया दौरा
- फोटो : संवाद
सांसद नवीन जिंदल ने कुरुक्षेत्र के पिपली स्थित मिनी जू का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के जानवरों को करीब से देखा और उनकी देखभाल, खानपान, स्वास्थ्य प्रबंधन, और प्रजनन प्रक्रियाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जानवरों के भोजन की गुणवत्ता, व्यवहार, पर्यटकों के लिए दृश्यता, स्वास्थ्य जांच, दवाओं के उपयोग, और हेरेडिटी चार्ट के आधार पर प्रजनन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जू के बुनियादी ढांचे में सुधार के सुझाव
सांसद ने जू के बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए पुरानी इमारतों के नवीनीकरण, पार्किंग सुविधा, आंतरिक रास्तों का सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने टिकट व्यवस्था, शौचालय, जल संरक्षण तकनीकों, विशेषज्ञों की सलाह, और परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने जू की खाली जमीन पर अधिक से अधिक पौधे लगने की सलाह दी ताकि यह क्षेत्र पर्यावरण के अनुकूल और हराभरा बने।