अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
छठ पर्व सेवा समिति हरियाणा के पदाधिकारियों ने सोमवार को छठ महोत्सव की तैयारियों को लेकर पटियाला बैंक कॉलोनी स्थित कार्यालय में बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष संतोष पासवान की अध्यक्षता में छठ महोत्सव की तैयारियों को लेकर रूप रेखा तैयार की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन ने महोत्सव के लिए व्यवस्था नहीं की तो प्रदर्शन, भूख हड़ताल के साथ ही गीता जयंती का भी विरोध किया जाएगा।
पासवान ने बताया कि 26 अक्तूबर को छठ महोत्सव राज्य स्तर पर बनाया जाएगा। बैठक से पूर्व सभी सदस्यों ने ब्रह्मसरोवर पर पानी की व्यवस्था के लिए डीसी सुमेधा कटारिया को ज्ञापन सौंपा। पासवान ने बताया कि पानी की व्यवस्था करने के लिए डीसी ने स्पष्ट मना कर दिया है। इससे पूर्वांचल समाज के लोगों में रोष है। छठ पूजा पूर्वांचल समाज के लोगों का विशेष त्योहार है। यदि ब्रह्मसरोवर में पानी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो श्रद्धालुओं को ठेस पहुंचेगी। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा भर से करीब चार लाख लोग हिस्सा लेंगे। पौराणिक आस्था और धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की महत्ता की वजह से कई वर्षों से यह पर्व ब्रह्मसरोवर पर मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में लाखों की संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग रहते हैं। इन लोगों की आस्था को देखते हुए ब्रह्मसरोवर पर पानी की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। बता दें कि छठ पूजा में लोग पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। पानी के अभाव में लोग सूर्य पूजा नहीं कर पाएंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन ने 24 घंटे में ब्रह्मसरोवर में पानी नहीं भरा तो समस्त पूर्वांचल समाज के लोगों जिला प्रशासन और हरियाणा सरकार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस पर भी प्रशासन गंभीर नहीं हुआ तो भूख हड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा की एक तरफ हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन गीता जयंती पर करोड़ों खर्च कर रहा है। दूसरी ओर छठ पूजा पर लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पानी की व्यवस्था नहीं की तो पूर्वांचल समाज गीता जयंती का भी विरोध करेगा। इस विषय में समिति का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलेगा। इस मौके पर वरिष्ठ उप प्रधान राजेंद्र महतो, उप प्रधान लाल बहादुर महतो, उमा शंकर दास, राजकुमार पाल, गौरीशंकर, रामविलास पासवान, रणधीर पासवान, रणजीत साहनी, प्रेम चावला, ललित चावला, शिव कुमार गुप्ता, दलीप राय, कैलाश चौधरी, जयदेव, विष्णु मंडल आदि मौजूद रहे।