पिहोवा। क्षेत्र के लोगों को राज्य सरकार की तरफ से 50 बेड के नए अस्पताल की सौगात दी जा रही है। इस अस्पताल पर राज्य सरकार की तरफ से करीब 16 करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। इतना ही नहीं इस परियोजना को दिसंबर 2019 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला उपायुक्त डॉ. एसएस फुलिया ने शनिवार को नए निर्माणाधीन अस्पताल व अन्य परियोजनाओं का औचक निरीक्षण करने के अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए यह जानकारी दी। इससे पहले उपायुक्त नेे लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता जेपी कांबोज, मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता भूपेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों से पिहोवा में विभिन्न निर्माणाधीन प्रोजेेक्ट की प्रगति रिपोर्ट हासिल की और अधिकारियों को कुछ खामियों को दूर करने के आदेश भी दिए।
उन्होंने बताया कि 16 करोड़ की लागत से बनाए जाने अस्पताल में ओपीडी ब्लॉक और दूसरा आईपीटी ब्लॉक बनाया जाएगा। इस आईपीटी ब्लॉक को तीन मंजिला बनाया जाएगा और इसमें अधिकतर कक्ष वातानुकूलित होंगे। इसके अलावा दो चिकित्सकों सहित आठ क्वाटर्ज भी बनाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में मरीजों के लिए हर प्रकार की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। इस के अलावा पिहोवा की अनाज मंडी में किसानों की सुविधा के लिए सायल हेल्थ चेकअप के लिए लैब भी स्थापित की जा रही है।
इस लैब पर राज्य सरकार की तरफ से 49 लाख की राशि खर्च की जा रही है। इस प्रोजेक्ट को 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि इस लैब के बनने के बाद किसान अपनी जमीन के स्वास्थ्य की जांच सहजता के साथ इस लैब में चैक करवा पाएंगे। इसकी रिपोर्ट भी तुरंत किसानों को मुहैया करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस लैब का संचालन कृषि विभाग की तरफ से किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि सभी परियोजनाओं के निर्धारित समय अवधि में पूरा करेंगे। इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। इस मौकेे पर अतिरिक्त उपायुक्त अनिश यादव, कार्यकारी अभियंता अमित मनोजा, अशोक खंडूजा, राजेश चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।