कुरुक्षेत्र। एसएमजीटी पर आने वाली शिकायतों को 24 घंटे के अंदर निपटारा किया जाना है। सभी अधिकारी रोजाना अपने-अपने कार्यालय के पोर्टल पर इन शिकायतों को चेक करें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को लघु सचिवालय और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में आने वाली शिकायतों का निपटारा जल्दी करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में सीएम विंडो, एसएमजीटी, सीपीग्राम, जन संवाद, समाधान शिविर की शिकायतों पर समीक्षा कर रहे थे। उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यालय की तरफ से शिकायतों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर में 6856 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 181 शिकायतें लंबित हैं। अब तक 4930 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया और 1439 शिकायतें रद्द की गई हैं। 288 शिकायतों को दोबारा से ओपन किया गया है। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो की शिकायतों के निपटान में जिला प्रदेश में 10वें स्थान पर हैं।