युवाओं में बढ़ रही नशा बुराई को जड़ से खत्म करना जरूरी : दहिया
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
सर्वजातीय सर्व खाप महापंचायत की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष दहिया ने कहा कि हिंदुस्तान की जनसंख्या का लगभग 65 प्रतिशत युवा वर्ग है। यह किसी भी देश के लिए सौभाग्य की बात है, लेकिन यदि उसी युवा के कदम गलत दिशा की तरफ बढ़ चले तो उस देश को बर्बाद होने में समय नहीं लगता। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा वर्ग नशे जैसी बुराई की ओर बढ़ रहा है। नशा सभी बुराइयों की जड़ है और इसे खत्म करना बहुत जरूरी है।
डॉ. दहिया वीरवार को लाडवा खंड के दर्जनों गांव में युवाओं को नशा बुराई के प्रति जागरूक करते हुए बोल रही थी। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य होते है। यदि देश का युवा नशा जैसी गलत बुराई की दिशा में पड़ जाए तो देश को बचाना मुश्किल हो जाएगा। आज युवा वर्ग नशे जैसी बुराई अपनाकर अपना भविष्य बर्बाद करने पर तुला हुआ है। इसके लिए हम सबको मिलकर एक जागरूकता अभियान चलाना होगा, ताकि गलत दिशा में जा रहे युवा वर्ग को रोका जा सके। इसके लिए हमने एक मुहिम चलाई है, ताकि युवाओं में बढ़ती नशे की बुराई को समाप्त किया जा सके। इस अवसर पर उनके साथ युवा टीम भी उपस्थित थी।