सरकारी एवं एडेड कॉलेजों के शिक्षकों, कुलसचिवों, कुलपतियों और खेल निदेशकों के लिए सातवें वेतन आयोग को प्रदेश सरकार ने दी मंजूरी
केयूके के 332 कर्मियों को मिलेगा लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों और सरकारी एवं एडेड कॉलेजों के शिक्षकों, कुलसचिवों, पुस्तकालय अध्यक्षों, कुलपतियों और खेल निदेशकों के लिए सातवें वेतन आयोग को मंजूरी दे दी है। उन्हें यह लाभ 1 जनवरी 2016 से मिलेगा।
यह जानकारी कुटा प्रधान डॉ परमेश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने यह आंकड़े जारी करते हुए बताया है कि वेतन वृद्धि से प्रदेश के विभिन्न कालेजों और विश्वविद्यालयों में 2853 पदों पर कार्यरत शिक्षकों और गैर शिक्षकों को लाभ होगा। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बताया की सातवां वेतनमान लागू हो जाने के बाद विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के असिस्टेंट प्रोफेसर्स को 57 हजार 700 रुपये से लेकर 79 हजार 800, एसोसिएट प्रोफेसर्स को 1 लाख 31 हजार 400 रूपये और प्रोफेसर्स को 1 लाख 44 हजार 200 रुपये से लेकर 1 लाख 82 हजार 200 वेतनमान मिलेगा। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के असिस्टेंट लाइब्रेरियन को 57 हजार 700 रुपये से लेकर 68 हजार 900 रुपये, डिप्टी लाइब्रेरियन को 79 हजार 800 रूपये से लेकर 1 लाख 31 हजार 400 रूपये और लाइब्रेरियन को 1 लाख 44 हजार 200 रुपये वेतन मिलेगा। उन्होंने बताया की विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के फिजिकल एजूकेशन और स्पोर्ट्स विभागों के असिस्टेंट डायरेक्टर को 57 हजार 700 रुपये से लेकर 68 हजार 900 रुपये, डिप्टी डायरेक्टर को 79 हजार 800 रुपये से लेकर 1 लाख 31 हजार 400 रुपये और डायरेक्टर को 1 लाख 44 हजार 200 रुपये वेतनमान मिलेगा.
वित्त मंत्री ने बताया की अब विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक को 1 लाख 44 हजार 200 रुपये, डिप्टी रजिस्ट्रार और डिप्टी परीक्षा नियंत्रक को 79 हजार 800 रुपये और असिस्टेंट रजिस्ट्रार और असिस्टेंट एग्जाम कंट्रोलर्स को 56 हजार 100 रुपये वेतनमान मिलेगा। उन्होंने बताया की अब प्रो वाइस चांसलर्स और वाइस चांसलर्स को भी सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतनमान मिलेगा। कुटा प्रधान के अनुसार कैप्टन अभिमन्यु ने बताया की प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में 1990, सरकारी एडेड कॉलेजों में 2956, केयू के में 332, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में 287, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में 64, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी में 12, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में 18, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां, सोनीपत में 116 और इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, रेवाड़ी में 34 पदों पर कार्यरत शिक्षकों और गैर शिक्षकों को वेतन बढौतरी का लाभ मिलेगा। इसकी वजह से सरकार पर सालाना 230.6 करोड़ का अतिरिक्त भार पड़ेगा।