फोटो नंबर - 68, 69
सिडनी में पिहोवा के गुरप्रीत ने की थी आत्महत्या
- आज पता लगेगा कि कब आएगा उसका शव
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। आस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में छात्र गुरप्रीत की मौत आत्महत्या की वजह से हुई थी। सिडनी पुलिस की जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यही बताया गया है। हालांकि यहां पिहोवा निवासी उसके पिता को पुलिस की इस कहानी पर भरोसा नहीं है। इस सबके बीच गुरप्रीत के शव को भारत लाने के प्रयास तेज हो गए हैं। शुक्रवार को ही पता चल सकेगा कि उसका शव कब भारत आएगा।
मालूम हो कि पिहोवा के जेपी कालोनी निवासी सुरजीत सिंह कलेर का पुत्र गुरप्रीत सिंह कलेर (28) वर्ष 2015 में उच्च शिक्षा के लिए बीजा लेकर आस्ट्रेलिया गया हुआ था। बीते रविवार को उसका शव उसके कमरे से ही बरामद हुआ था। गुरप्रीत के पिता सुरजीत सिंह ने बताया कि गुरप्रीत के शव को आस्ट्रेलिया से भारत लाने के लिए उन्होंने सरकार से आग्रह किया था। इस प्रक्रिया को पूरी करने के लिए गुरप्रीत के कागजात की मांग की गई थी। उनकी तरफ से कागजी कार्रवाई पूरी कर दी गई थी। वीरवार को उनके आस्ट्रेलिया में रहने वाले रिश्तेदार ने उन्हें जानकारी दी है कि शुक्रवार दोपहर तक पता चलेगा कि गुरप्रीत का शव वतन कब तक पहुंच जाएगा। उधर, उन्होंने बताया कि उन्हें गुरप्रीत के सुसाइड करने वाली बात पर बिल्कुल भी यकीन नहीं है। गुरप्रीत ने अपनी मौत के एक दिन पहले परिवार के सभी लोगों से बातचीत की थी। तब वह काफी खुश था और उसने वीजा को बढ़ाने से संबंधी बात की थी। ऐसे में उसके सुसाइड की बात पर यकीन करना मुश्किल है।