अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
सरकार की गलत नीतियों के विरोध में देश भर के निजी स्कूलों में वीरवार को ब्लैक डे मनाया जाएगा। इस दौरान स्कूल संचालक और प्रिंसिपल उपायुक्त के माध्यम से सीएम और पीएम को ज्ञापन भेजेंगे। यह निर्णय प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन लाल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई निजी स्कूल संचालकों की बैठक में लिया गया।
संजय गांधी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए गुप्ता ने बताया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज पूरे देश में निजी स्कूल शिक्षक, प्रिंसिपल और मैनेजमेंट को काला दिवस मनाना पड़ रहा है। इस दौरान सभी स्कूलों के शिक्षक काली पट्टी लगाकार बच्चों को पढ़ाऐंगे। स्कूल की बसों में काले झंडे और स्कूल के मेन गेट पर काला झंडा लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने 134ए के तहत होने वाले प्रवेशों के तयशुद्वा पैसे अभी तक किसी भी स्कूल को नहीं भेजे है। उन्होंने सरकार को चेताया कि जब कभी सीएम या पीएम की रैली होती है तो वे निजी स्कूलों से बसों की मांग करते हैं। इस दौरान कोई हादसा हो जाता है तो उसकी जिम्मेदारी स्कूल पर थोप दी जाती है। सरकार खुद तो बच्चों के लिए पर्याप्त बसें नहीं दे पा रही और प्राइवेट स्कूलों की बसों पर रोक लगा रही है। इसकी जिम्मेदारी आरटीओ विभाग की होनी चाहिए। संजय गांधी स्कूल प्रबंधक कमेटी के उपाध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि आज से सरकार को सचेत करने के लिए नई सुबह का आगाज किया जा रहा है। सचिव रविंद्र बंसल ने कहा कि सरकार हर रोज नये नियम लागू कर प्राइवेट स्कूलों पर शिकंजा कसती जा रही है। सरकार को स्कूलों का साथ देना चाहिए।
ये रहे मौजूद
बैठक में सचिव रविंद्र बंसल, एमडी मिनर्वा हाईस्कूल के प्रिंसिपल आरके चावला, नवयुग सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल बीडी गाबा, संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल से वाइस प्रिंसिपल जसविंद्र नारंग, दून पब्लिक स्कूल के मैनेजर ईशांत सिंगला, बीआर इंटरनेशनल स्कूल से दीपक चोपड़ा, शहीद भगत सिंह हाईस्कूल बरोट, बाल विकास विद्या भारती स्कूल कुरुक्षेत्र, यूनिक शिक्षा निकेतन लाडवा, एमडीएसएसएस बगथला, बाबा सिद्ध नाथ सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुरुक्षेत्र, एसजीएमपीएस के प्रिंसिपल धर्मेंद्र खेड़ा आदि मौजूद थे।