स्टैंड पर साइकिल जोहती रही बाट, नहीं पहुंचा कोई भी पर्यटक
सेवा सिंह
कुरुक्षेत्र।
पर्यटन नगरी में यात्रियों को नि:शुल्क साइकिल सवारी उपलब्ध करवाने के लिए शुरू की गई स्वर्ण जयंती सांझी योजना शहर में तीन साइकिल स्टैंड शुरू करने के पहले ही दिन झटका खा गई। इन स्टैंड पर सांझी साइकिलें पर्यटकों का दिन भर इंतजार करती रही, लेकिन कोई भी इन साइकिलों से धर्मनगरी केे भ्रमण के लिए नहीं पहुंचा।
खुले आसमान के नीचे और कड़ी धूप में खड़ी की गई साइकिलों पर एक दिन में ही न केवल रेत जमने लगा बल्कि पूछताछ के लिए इन स्टैंड पर आने वाले लोग भी भटकते रहे। यहां न कोई उन्हें सटीक जानकारी देने वाला मिला और न ही इन स्टैंड पर साइकिल सवारी केे लिए बनाए जाने वाले कार्ड को लेकर ही कोई सुविधा मिली। यह अलग बात है कि 12 जून को योजना की शुरुआत से 16 जून सायं तक सौ से अधिक लोग साइकिल की सवारी के लिए अपने कार्ड बनवा चुके हैं।
बता दें कि रविवार को छुट्टी के दिन ब्रह्सरोवर पर सुबह व शाम के समय घूमने वाले लोगों की संख्या अन्य दिनों की बजाय अधिक रहती है तो वहीं अन्य जिलों व प्रदेशों व विदेशों के लोग भी यहां घूमने के लिए पहुंचते रहते हैं। इसके बावजूद सांझी साइकिल योजना लोगों को लुभा नहीं पा रही हैं। इसके पीछे इन साइकिलों के खड़े करने की जगह भी मानी जा रही है।
----------------
पहले दुर्गंध का सामना होगा, फिर मिलेगी साइकिल
शनिवार को ही इस योजना केे तहत शहर के छठी पातशाही गुरुद्वारा के सामने, केडीबी कार्यालय व सत्कार भोजनालय पर स्टैंड का शुभारंभ विधायक सुभाष सुधा व डीसी सुमेधा कटारिया ने किया, लेकिन इनमें से गुरुद्वारा छठी पातशाही के सामने व केडीबी कार्यालय के साथ स्थित सुुलभ शौचालय के गेट पर ही ये स्टैंड बना दिए गए। इसके चलते पहले लोगों को शौचालय की दुर्गंध का सामना करना पड़ता है तो तब वे स्टैंड तक पहुंचते हैं।
राज्यमंत्री ने किया था योजना का शुभारंभ
राज्यमंत्री कर्ण देव कंबोज ने 12 जून को सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर जिला प्रशासन की ओर से शुरू की गई स्वर्ण जयंती सांझी साइकिल योजना की गई थी। योजना के अनुसार शहर में जहां 8 जगहों पर साइकिल स्टैंड बनाए व जिलेभर में 20 जगहों पर कार्ड बनवाने की सुविधा मुहैया करवाने के दावे भी किए गए थे।
---------------------
सुुलभ शौचालय कर्मियों के हवाले किए साइकिल
जिला प्रशासन ने इस योजना को सफल बनाने की कमान अप्रत्यक्ष रूप से सुुलभ शौचालयों केे कर्मियों को दे दी है। प्रस्तावित 8 में से 5 साइकिल स्टैंड सुुलभ शौचालयों के साथ ही बनाए जाने हैं। इनमें से तीन की शुरुआत शनिवार को कर दी गई तो वहीं लघु सचिवालय, अग्रवाल नर्सिंग होम व थीम पार्क में भी ये स्टैंड बनाए जाने हैं।
------------------------------
साइकिल लेने एक भी पर्यटक नहीं आया : आलोक
गुरुद्वारा छठी पातशाही के समक्ष ही सन्निहित सरोवर पर स्थित सुलभ शौचालय के कर्मी व साइकिल स्टैंड की कमान संभाल रहे आलोक का कहना था कि रविवार दोपहर तक एक भी पर्यटक साइकिल लेने नहीं पहुंचा और न ही किसी ने इस बारे में कोई जानकारी ही ली। वहीं केडीबी कार्यालय के साथ ही स्थित सुलभ शौचालय कर्मी संजीव ने बताया कि महज एक साइकिल ही कोई कार्डधारक लेकर गया था, वो भी कुछ ही देर के बाद खड़ी कर चला गया। किसी ने इस योजना के लिए जानकारी भी नहीं ली और न ही यहां कोई जानकारी देने वाला है।
---------------------------
फार्म है, लेकिन कल ही मिलेंगे : विजय
सत्कार भोजनालय के कर्मी व साइकिल स्टैंड की कमान संभाले विजय कुमार ने बताया कि कोई भी पर्यटक रविवार दोपहर तक साइकिल लेने नहीं पहुंचा। कई लोगों ने कार्ड बनवाने के लिए जरूर पूछताछ की, लेकिन वे इसके लिए फार्म भी किन्ही कारणों के चलते नहीं दे पाए। अब सोमवार को ही वे फार्म दे सकेंगे।
कैसे सफल होगी योजना
ब्रह्मसरोवर पर ही भ्रमण कर रहे शहरवासी संदीप, राजेंद्र व राजबीर सहित कई अन्य लोगों का कहना था कि न तो साइकिल स्टैंड पर फार्म मिल रहे और न ही कोई जानकारी देने वाला है। जो स्टैंड बनाए जा रहे वो भी शौचालय पर। वहां दूर से ही दुर्गंध आती है, ऐसे में यह योजना कैसे सफल हो पाएगी।
-------------------------
शुलभ शौचालय के पास से हटाए जाएंगे साइकिल : उपायुक्त
जिला उपायुक्त सुमेधा कटारिया का कहना है कि शुलभ शौचालय के पास अभी तीन साइकिल स्टैंड बनाए गए हैं। जल्द ही इन स्टैंड को शौचालय के पास से हटा लिया जाएगा और नई साइट पर स्टैंड स्थापित किए जाएंगे। अभी मैनपावर व आर्थिक कमी के चलते यहां स्टैंड बनाए गए हैं। अभी तक सौ से अधिक लोग अपने कार्ड बनवा चुके हैं। साइकिल चलाने से जहां पर्यावरण का बचाव होगा वहीं स्वास्थ्य में भी फायदा होगा। उन्होंने बताया कि साइकिल कार्डधारक को 2 घंटे तक के लिए फ्री मिलेगी। इसके बाद 5 रुपये प्रति घंटा की दर से किराया चार्ज किया जाएगा। इसके लिए नियमित रूप से साइकिल वालेट का रिचार्ज करवाना होगा। जिस हालत में साइकिल दी जाएगी, उसी हालत में उसे वापस करनी होगी। इस साइकिल में जीपीएस भी लगाया गया है।
---------
यहां प्रस्तावित है साइकिल स्टैंड
पिपली ओसीएस, लघु सचिवालय, सेक्टर-13 कांग्रेस भवन के साथ, जिमखाना क्लब, सिविल अस्पताल, ज्योतिसर में साइकिल स्टैंड बनाया जाएगा। इसके अलावा पिहोवा में एसडीएम कार्यालय, अनाज मंडी, नगर पालिका, शाहबाद में मारकंडा मंदिर, बस स्टैंड, लाडवा रोड, शुगर मिल, लाडवा में अस्पताल, अनाज मंडी, इंद्री रोड पर साइकिल स्टैंड बनाया जाना प्रस्तावित है। सन्निहित सरोवर, केडीबी कार्यालय व सत्कार भोजनालय पर ये स्टैंड बना दिए गए है।