अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। छात्र संघ चुनाव के चलते कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सुरक्षा को लेकर पहरा कड़ा कर दिया गया है, जिसके चलते सुरक्षा की कमान केयू सुरक्षा कर्मियों के साथ-साथ पुलिस ने भी संभाल ली है। साथ ही वीरवार को केयू का सेकेंड गेट भी बंद कर दिया गया। यहीं नहीं केयू प्रशासन ने परिसर में आने वाले लोगों पर बिना आई कार्ड के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है तो वहीं मुख्य गेटों पर वीडियोग्राफी करनी शुरू कर दी गई है। चुनाव की तैयारियों के चलते केयू प्रशासन ने शिक्षक व गैर शिक्षक कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी है। केयू के सुरक्षा कर्मियों एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से वीरवार को आउट साइडरों पर लागाम कसने के लिए थर्ड गेट और सेकेंड गेट पर वाहन चालकों के आईडी कार्ड व कार की डिक्की की भी जांच की गई। मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. चांदराम जिलोवा ने बताया कि छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर केयू परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। केयू के थर्ड गेट के साथ-साथ यूनिवर्सिटी के मुख्य स्थानों पर वीडियोग्राफी करवाई जा रही है। अगर सुरक्षा की दृष्टि से कोई अवांछित गतिविधि करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार से 17 अक्तूबर तक थर्ड गेट को छोडक़र यूनिवर्सिटी के सभी गेट बंद किये जाएंगे। उनके मुताबिक यूनिवर्सिटी परिसर में 12 अक्तूबर से लेकर चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने तक धारा 144 लागू होगी। इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा भर दिशा निर्देश जारी किए दिए गये है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी में कुल 6 गेट हैं। 17 अक्तूबर तक पुलिस के निर्देशानुसार केयू के सेकेंड गेट को बंद कर दिया गया है।
विद्यार्थियों के बनेंगे अस्थायी आई कार्ड
जिन विभागों में विद्यार्थियों के आई कार्ड नहीं बने हैं उन्हें विभाग की ओर से अस्थायी आई कार्ड जारी किए जाएंगे। आई कार्ड के बिना पूरी तरह से प्रवेश निषेध होगा। सुरक्षा अधिकारियों के मांगने पर आई कार्ड दिखाना होगा। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वे विद्यार्थियों के आई कार्ड जल्द से जल्द बनवाएं।
चुनाव को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : वीसी
छात्र संघ चुनाव को गंभीरता से लेते हुए केयू प्रशासन ने 17 अक्तूबर तक सभी अधकारियों, शिक्षकों व कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी है। कुलपति प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए छात्र संघ चुनावों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिये है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि छात्र संघ चुनाव में कोई भी अधिकारी लापरवाही व कोताही न बरतें, यदि इस संबंध में कोई अधिकारी व कर्मचारी इस मामले में लापरवाही बरतेगा उसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी व छात्र-छात्राओं की भावनाओं के अनुरूप हों, यह केयू की पहली प्राथमिकता होगी। कुलपति ने निर्देश दिए कि सुरक्षा से लेकर अनुशासन तक सभी विभाग मुस्तैदी से कार्य करें ताकि यूनिवर्सिटी में 17 अक्तूबर को चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के 48 विभागों से 224 प्रतिनिधि चुने जाएंगे। सभी विभागों में सीआर, डीआर के चुनाव के बाद 17 अक्तूबर को ही कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंटस कार्यकारिणी परिषद का गठन होगा। इस कार्यकारिणी परिषद में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव व पांच कार्यकारिणी परिषद के सदस्य होंगे। जिनमें से एक गर्ल्स स्टूडेंट का लॉटरी के माध्यम से चुनाव होगा। कार्यकारिणी पर िषद के सदस्यों में अगर कोई एससी वर्ग से विद्यार्थी चुनाव में जीतकर नहीं आता है तो छात्र कल्याण अधिष्ठाता चुनकर आए डीआर में से ही एक एससी स्टूडेंट को नामांकित करेंगे। इस तरह से 9 सदस्यों की कार्यकारिणी परिषद यूनिवर्सिटी में बनेगी।
चुनाव के लिए केंद्रीय कमेटी व सब-कमेटी का गठन: प्रो डोगरा
चुनाव आयुक्त प्रो. एनएन डोगरा ने चुनाव में नोमिनेशन से लेकर उम्मीदवार की योग्यता, विभागाध्यक्षों द्वारा किए जाने वाले सत्यापन सहित दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि छात्र संघ चुनाव की पूरी प्रक्रिया 17 अक्तूबर को ही पूरी होनी हैं। सभी विभागाध्यक्षों को चुनाव के लिए किट दी गई है। इस किट में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार ही चुनावी प्रक्रिया को संपन्न करवाएं। चुनाव में मदद के लिए एक केंद्रीय कमेटी व सब-कमेटी का गठन किया गया है। सभी विभागाध्यक्ष इस कमेटी से मदद ले सकते हैं।
छात्र संघ चुनावों को लेकर डीसी ने ली बैठक, धारा 144 लागू करने के आदेश
उपायुक्त डॉ. एसएस फुलिया ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन द्वारा केयू में धारा 144 लगा दी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है। छात्र संघ चुनाव के लिए उसी शिक्षिण संस्थान में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे जो तीन साल से शिक्षण संस्थान के रूप में कार्यरत है और मान्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 12 अक्तूबर से शुरू होंगी तथा 13 अक्तूबर को नाम वापिस लिए जा सकेंगे। 14 अक्तूबर को नोटिस बोर्ड पर पात्र उम्मीद्वारों के नाम चिपकाएं जाएंगे। इसके बाद 15 और 16 अक्तूबर को छात्र प्रचार कर सकेंगे और 17 अक्तूबर को मतदान होगा। इस दौरान एसपी सुरेंद्र पाल सिंह भी मौजूद थे, जिन्होंने चुनावों में सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए।